नैनीताल निवासी सिद्धार्थ साह ने उत्तराखंड हाईकोर्ट के अतिरिक्त न्यायाधीश के रूप में ली शपथ
रिपोर्ट: ललित जोशी।
नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल निवासी सिद्धार्थ साह ने उत्तराखंड उच्च न्यायालय के अतिरिक्त न्यायाधीश के रूप में शपथ ग्रहण की। उन्हें मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति जी. नरेंदर ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। उनके शपथ ग्रहण के साथ ही उत्तराखंड हाईकोर्ट में न्यायाधीशों की संख्या बढ़कर 10 हो गई है।
गुरुवार को मुख्य न्यायाधीश के न्यायालय में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह के दौरान रजिस्ट्रार जनरल योगेश कुमार गुप्ता ने सिद्धार्थ साह को उत्तराखंड हाईकोर्ट का अतिरिक्त न्यायाधीश नियुक्त किए जाने संबंधी राष्ट्रपति के हस्ताक्षरों से जारी वारंट का वाचन किया। इसके उपरांत मुख्य न्यायाधीश द्वारा उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।
इस अवसर पर वरिष्ठ न्यायाधीश न्यायमूर्ति मनोज तिवारी, न्यायमूर्ति रविंद्र मैठाणी, न्यायमूर्ति आलोक वर्मा, न्यायमूर्ति राकेश थपलियाल, न्यायमूर्ति पंकज पुरोहित, न्यायमूर्ति आशीष नैथानी, न्यायमूर्ति आलोक मेहरा, न्यायमूर्ति सुभाष उपाध्याय सहित महाधिवक्ता एस.एन. बाबुलकर, मुख्य स्थायी अधिवक्ता सी.एस. रावत, बार एसोसिएशन अध्यक्ष डी.सी.एस. रावत, महासचिव सौरभ अधिकारी, बार काउंसिल सदस्य डी.के. शर्मा, वरिष्ठ अधिवक्ता अवतार सिंह रावत, एम.सी. कांडपाल समेत बड़ी संख्या में अधिवक्ता व गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

