कर्णप्रयाग कोतवाली में एसपी चमोली का औचक निरीक्षण, आपदा उपकरणों के संचालन में जवानों की मुस्तैदी परखी

Spread the love

कर्णप्रयाग। पुलिस अधीक्षक चमोली श्री सुरजीत सिंह पंवार ने कोतवाली कर्णप्रयाग का औचक निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कोतवाली परिसर के चप्पे-चप्पे का गहन अवलोकन किया तथा पुलिस आवासीय भवनों की स्थिति देखी। आवासीय परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने पर विशेष जोर देते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

इसके पश्चात एसपी चमोली ने कार्यालय, मालखाना, भोजनालय एवं हवालात का निरीक्षण किया। मालखाने के रख-रखाव एवं अभिलेखों की बारीकी से जांच करते हुए उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।

चमोली जनपद आपदा की दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील क्षेत्र है। इस तथ्य को ध्यान में रखते हुए पुलिस अधीक्षक ने आपदा उपकरणों के रख-रखाव की व्यक्तिगत रूप से जांच की। इस दौरान एसडीआरएफ के जवानों द्वारा आपदा उपकरणों का कुशलतापूर्वक संचालन कर प्रदर्शन किया गया। एसपी चमोली ने कहा कि “आपदा के समय एक सेकंड की देरी भी भारी पड़ सकती है, इसलिए नियमित अभ्यास और तैयारी अत्यंत आवश्यक है।

निरीक्षण से पूर्व कर्णप्रयाग के गणमान्य नागरिकों द्वारा पुलिस अधीक्षक का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। नगर पालिका अध्यक्ष श्री गणेश शाह, जनपद के प्रतिष्ठित चिकित्सक एवं पूर्व मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजीव शर्मा तथा डॉ. उमा शर्मा (चिकित्सक दंपति) ने पुष्पगुच्छ एवं शॉल भेंट कर उनका अभिनंदन किया। इस अवसर पर नगर के गणमान्य व्यक्तियों एवं पत्रकार बंधुओं के साथ क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर भी चर्चा हुई।

नगर पालिका अध्यक्ष कर्णप्रयाग द्वारा अवगत कराया गया कि कोतवाली के समीप पूर्व में क्षतिग्रस्त हुए नाले के सुधार कार्य हेतु नगर पालिका द्वारा प्रस्ताव भेजा गया था, जिस पर प्रशासनिक स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है तथा वित्तीय स्वीकृति भी शीघ्र मिलने की संभावना है।

इसके साथ ही नगर क्षेत्र में दुकानों के बाहर किए गए अनावश्यक अतिक्रमण को लेकर गंभीरता से विचार-विमर्श किया गया। जनसुरक्षा, यातायात व्यवस्था एवं कानून-व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए पुलिस विभाग एवं नगर पालिका कर्णप्रयाग द्वारा संयुक्त रूप से अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाने पर सहमति व्यक्त की गई।

निरीक्षण के दौरान प्रभारी निरीक्षक राकेश भट्ट, उपनिरीक्षक मानवेन्द्र गुसांई, उपनिरीक्षक अमनदीप सिंह, महिला उपनिरीक्षक सरोज नौटियाल, महिला उपनिरीक्षक निशा पांडे, अपर उपनिरीक्षक भूपेन्द्र गोदियाल सहित अन्य पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।

Next Post

बेसहारा पशुओं पर सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुपालन को लेकर मुख्य सचिव ने ली समीक्षा बैठक

Spread the love देहरादून। मुख्य सचिव श्री आनन्द बर्द्धन ने गुरुवार को सचिवालय में माननीय उच्चतम न्यायालय द्वारा बेसहारा पशुओं के संबंध में दिए गए निर्देशों के क्रम में संबंधित विभागों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने सार्वजनिक एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों से कुत्तों एवं गोवंश के संबंध […]