शिक्षा की बात’ कार्यक्रम के तहत मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने विद्यार्थियों से किया संवाद

शिक्षा की बात’ कार्यक्रम के तहत मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने विद्यार्थियों से किया संवाद
Spread the love

देहरादून। मुख्य सचिव श्री आनन्द बर्द्धन ने आज ननूरखेड़ा स्थित राजीव गांधी नवोदय विद्यालय पहुँचकर ‘शिक्षा की बात’ कार्यक्रम के अंतर्गत प्रदेश के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संवाद किया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए मुख्य सचिव ने कहा कि हर बच्चा खास होता है और उसमें कोई न कोई विशेष प्रतिभा अवश्य होती है। आवश्यकता इस बात की है कि बच्चे अपनी प्रतिभा को पहचानें और उसे निखारें। उन्होंने शिक्षकों एवं अभिभावकों से भी आग्रह किया कि वे बच्चों की रुचि और प्रतिभा को समझते हुए उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करें।

मुख्य सचिव ने शिक्षा विभाग को निर्देश दिए कि ‘शिक्षा की बात’ कार्यक्रम को और अधिक प्रभावी बनाते हुए इसमें उद्योगपतियों, वैज्ञानिकों, प्रोफेसरों एवं विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य कर रहे व्यक्तियों को भी जोड़ा जाए, ताकि विद्यार्थियों को उनके अनुभवों और मार्गदर्शन का लाभ मिल सके। उन्होंने इस कार्यक्रम को क्लस्टर विद्यालयों से प्रारंभ कर प्रदेश के सभी विद्यालयों तक विस्तारित करने पर भी जोर दिया।

विद्यार्थियों से चर्चा के दौरान उन्होंने महत्वपूर्ण संदेश देते हुए कहा कि आज मोबाइल और तकनीक का युग है, लेकिन उन पर हमारा नियंत्रण होना चाहिए, न कि वे हमें नियंत्रित करें। उन्होंने कहा कि किताबें, खेलकूद और रचनात्मक सोच बच्चों को मानसिक और शारीरिक रूप से मजबूत बनाती हैं, इसलिए इन सभी पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।
इस अवसर पर मुख्य सचिव ने प्रदेश के विभिन्न विद्यालयों से आए विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए साइंस प्रोजेक्ट्स का अवलोकन भी किया तथा बच्चों से सीधा संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों के प्रोजेक्ट्स की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए बच्चों को देहरादून भ्रमण कराया जाना चाहिए। साथ ही उन्होंने कौशल विकास विभाग के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के भ्रमण की भी बात कही। उन्होंने कहा कि बच्चों के लिए नियमित रूप से शैक्षणिक एवं ज्ञानवर्धक भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किए जाने चाहिए, जिससे उन्हें किताबी ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक अनुभव भी प्राप्त हो सके।

इस अवसर पर सचिव श्री रविनाथ रामन, निदेशक माध्यमिक शिक्षा श्री मुकुल सती सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles