उत्तर रेलवे की परियोजनाओं की समीक्षा, ऋषिकेश–डोईवाला बाईपास व कुम्भ 2027 यातायात पर दिए निर्देश : मुख्य सचिव
देहरादून। मुख्य सचिव श्री आनन्द बर्द्धन की अध्यक्षता में मण्डल रेल प्रबन्धक, उत्तर रेलवे मुरादाबाद श्रीमती विनीता श्रीवास्तव के साथ मुख्य सचिव कार्यालय में बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में उत्तर रेलवे से संबंधित विभिन्न प्रकरणों एवं परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
मुख्य सचिव ने ऋषिकेश–डोईवाला बाईपास रेलवे लाइन परियोजना के अंतर्गत जिलाधिकारी देहरादून को निर्देश दिए कि राजाजी नेशनल पार्क एवं वन विभाग की 3.62 हेक्टेयर वन भूमि के संबंध में रेलवे, मुख्य वन्यजीव वार्डन एवं राजाजी नेशनल पार्क के साथ संयुक्त सर्वेक्षण कराते हुए निरीक्षण आख्या शीघ्र शासन को उपलब्ध कराई जाए।
देहरादून–मोहण्ड–सहारनपुर टनल आधारित रेलवे लाइन परियोजना के संबंध में मुख्य सचिव ने परियोजना का फाइनल लोकेशन सर्वे कराते हुए अद्यतन स्थिति से शीघ्र अवगत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने हर्रावाला रेलवे स्टेशन के विस्तारीकरण के मास्टर प्लान को भी शासन के साथ साझा करने को कहा तथा रेलवे और जिला प्रशासन द्वारा संयुक्त सर्वे कर निरीक्षण आख्या जल्द उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
कुम्भ मेला–2027 के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू रखने और श्रद्धालुओं को सुगम यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने के दृष्टिगत मुख्य सचिव ने रेलवे अधिकारियों को जिलाधिकारी हरिद्वार, एसएसपी हरिद्वार, मेलाधिकारी एवं राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के साथ मिलकर संयुक्त ट्रैफिक प्लान तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने हरिद्वार के पास रेलवे सुरंग में ढलान स्थिरीकरण (Slope Stabilization) कार्य को शीघ्र पूर्ण कर उसकी कृत कार्यवाही की आख्या शासन को उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
बैठक में सचिव परिवहन श्री बृजेश कुमार संत, अपर सचिव श्रीमती रीना जोशी सहित रेलवे के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

