घर-घर पहुंचेगा यातायात नियमों का संदेश, नैनीताल पुलिस ने कूड़ा वाहन से चलाया जागरूकता अभियान

घर-घर पहुंचेगा यातायात नियमों का संदेश, नैनीताल पुलिस ने कूड़ा वाहन से चलाया जागरूकता अभियान
Spread the love

रिपोर्ट: ललित जोशी

नैनीताल।सरोवर नगरी नैनीताल से सटे हल्द्वानी क्षेत्र में सड़क सुरक्षा माह के तहत नैनीताल पुलिस द्वारा यातायात नियमों के प्रति जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत नगर निगम हल्द्वानी के सहयोग से कूड़ा-करकट उठाने वाले वाहनों में लगे ध्वनि यंत्रों के माध्यम से आमजनमानस को लगातार यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार प्रदेशभर में यातायात दुर्घटनाओं की प्रभावी रोकथाम हेतु सड़क सुरक्षा माह का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. द्वारा समस्त थाना एवं यातायात प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में यातायात नियमों के प्रति सघन जागरूकता अभियान चलाने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।

इस अभियान को सफल बनाने के लिए पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. जगदीश चन्द्र के पर्यवेक्षण में नैनीताल पुलिस द्वारा लगातार स्थानीय जनता को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

यातायात जागरूकता माह में सार्थक परिणाम प्राप्त करने की दिशा में यातायात पुलिस हल्द्वानी द्वारा नगर निगम हल्द्वानी की सहभागिता से यह अभिनव पहल की गई है, जिसके तहत हल्द्वानी शहर में घर-घर तक संदेश पहुंचाने के उद्देश्य से कूड़ा वाहन के माध्यम से ध्वनि यंत्रों द्वारा यातायात नियमों का पालन करने का संदेश प्रसारित किया जा रहा है। इससे आम नागरिकों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।

देवभूमि खबर

Related articles