घास काटने गई महिला पर जंगली जानवर का हमला, मौत; विधायक राम सिंह कैड़ा ने परिजनों को बंधाया ढांढस

घास काटने गई महिला पर जंगली जानवर का हमला, मौत; विधायक राम सिंह कैड़ा ने परिजनों को बंधाया ढांढस
Spread the love

रिपोर्ट: ललित जोशी।

नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल से लगभग 22 किलोमीटर दूर भीमताल क्षेत्र में वन्यजीव हमले की एक दर्दनाक घटना सामने आई है। जनपद नैनीताल में जंगली जानवरों के बढ़ते आतंक के बीच घास काटने जंगल गई 60 वर्षीय महिला गंगा देवी पर जंगली जानवर ने हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही भीमताल विधायक राम सिंह कैड़ा मौके पर पहुंचे। उल्लेखनीय है कि विधायक राम सिंह कैड़ा की माता का भी गत दिवस निधन हुआ है। बावजूद इसके उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और प्रशासन से हर संभव सहायता उपलब्ध कराए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी से वार्ता कर आवश्यक सुविधाएं शीघ्र उपलब्ध कराने की बात कही।

जानकारी के अनुसार गंगा देवी का शव जून स्टेट से लगे जंगल में मिला। स्थानीय लोगों के अनुसार गंगा देवी प्रतिदिन की तरह मवेशियों के लिए चारा लाने जंगल गई थीं, लेकिन देर शाम तक घर वापस नहीं लौटीं। परिजनों द्वारा सूचना दिए जाने पर वन विभाग एवं स्थानीय लोगों ने उनकी खोजबीन की, लेकिन रात तक कोई सुराग नहीं मिला।
आज सुबह जंगल में छानबीन के दौरान घर से लगभग तीन किलोमीटर दूर गंगा देवी का शव बरामद हुआ। सूचना मिलते ही वन विभाग, पुलिस एवं स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। वन विभाग का कहना है कि क्षेत्र में कैमरा ट्रैप लगाए जाएंगे, गश्त बढ़ाई जाएगी तथा पीड़ित परिवार को नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा।

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में जंगली जानवरों का आतंक लगातार बढ़ रहा है, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। हाल के दिनों में हुई तीन जानलेवा घटनाओं के बाद पहाड़ी क्षेत्रों में भय व्याप्त है। ग्रामीणों ने आदमखोर वन्यजीव को काबू में करने, पिंजरा लगाने तथा स्थायी समाधान की मांग की है।

देवभूमि खबर

Related articles