ऋषिकेश में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, अवैध शराब बेचते दो तस्कर गिरफ्तार

ऋषिकेश। अवैध शराब के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए आबकारी विभाग की ऋषिकेश टीम ने आबकारी निरीक्षक श्रीमती प्रेरणा बिष्ट के नेतृत्व में क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान दो अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर अवैध शराब बेचते हुए दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया।
पहली कार्रवाई सुभाषनगर, बनखंडी में तथा दूसरी कार्रवाई श्यामपुर स्थित ग्रीन चिली रेस्टोरेंट में की गई। दोनों स्थानों से कुल 66 पाउच माल्टा देशी शराब, 51 पव्वे अंग्रेजी शराब और 5 कैन बियर (ड्रुक 11000) बरामद की गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुनील कुमार पुत्र बिशन सिंह निवासी बनखंडी तथा विकास पुत्र सुरेश निवासी नगिना, जनपद बिजनौर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। आबकारी टीम ने दोनों आरोपियों को बरामद शराब सहित गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध उत्तराखंड आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।
आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और तस्करी के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

