पांवटा साहिब सीमा पर हालात सामान्य, प्रशासन और निहंग समुदाय के बीच सौहार्दपूर्ण वार्ता जारी
देहरादून। पंजाब से हिमाचल प्रदेश के रास्ते उत्तराखंड की ओर आने का प्रयास कर रहे निहंग सिख समुदाय को लेकर पांवटा साहिब सीमा पर उत्पन्न स्थिति शुक्रवार को पूरी तरह नियंत्रण में और सामान्य रही। प्रशासन एवं पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करते हुए सीमा क्षेत्र और संवेदनशील स्थानों पर व्यापक इंतजाम किए हैं। साथ ही, निहंग समुदाय के प्रतिनिधियों के साथ सौहार्दपूर्ण वातावरण में वार्ता भी लगातार जारी है।
शुक्रवार को जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल ने पांवटा साहिब स्थित उत्तराखंड सीमा का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मौके पर तैनात पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने और सतर्कता बरतने के आवश्यक निर्देश दिए।
सीमा क्षेत्र में पर्याप्त संख्या में पुलिस एवं सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। देहरादून आने-जाने वाले वाहनों की सघन जांच की जा रही है तथा सभी संभावित प्रवेश मार्गों पर प्रभावी नाकेबंदी कर निगरानी बढ़ा दी गई है। प्रशासन की ओर से गुरुद्वारा पांवटा साहिब में निहंग सिख समुदाय के प्रतिनिधियों के साथ सकारात्मक एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में वार्ता जारी है।
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कहा कि जनपद में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इससे किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सभी संवेदनशील स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ कर दी गई है तथा प्रत्येक गतिविधि पर प्रशासन और पुलिस की लगातार नजर बनी हुई है। उन्होंने विश्वास जताया कि आपसी संवाद के माध्यम से स्थिति पूरी तरह सामान्य बनी रहेगी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल ने कहा कि सीमा क्षेत्र सहित सभी संभावित प्रवेश मार्गों पर पुलिस बल की प्रभावी तैनाती की गई है। सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी तथा शांति एवं कानून-व्यवस्था भंग करने का प्रयास करने वाले तत्वों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें, केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें तथा शांति, सौहार्द और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।

