खुली नहर में गिरकर बुजुर्ग घायल, जिला प्रशासन की QRT सख्त—सिंचाई विभाग के खिलाफ मुकदमा दर्ज

खुली नहर में गिरकर बुजुर्ग घायल, जिला प्रशासन की QRT सख्त—सिंचाई विभाग के खिलाफ मुकदमा दर्ज
Spread the love

देहरादून ।जनपद में सड़क एवं निर्माण कार्यों के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी से हो रही दुर्घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। इसी क्रम में कैनाल रोड, अपर तुनवाला क्षेत्र में हुई एक दुर्घटना के मामले में जिला प्रशासन की क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) द्वारा सिंचाई विभाग के संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
प्रकरण के अनुसार, अपर तुनवाला क्षेत्र में सिंचाई नहर की सफाई के दौरान पर्याप्त सुरक्षा प्रबंध नहीं किए गए थे। सिंचाई विभाग द्वारा नहर की नियमित सफाई हेतु विभिन्न स्थानों पर स्लैब हटाए गए थे, किंतु मौके पर न तो बैरिकेडिंग की गई और न ही चेतावनी संकेतक लगाए गए। इसी दौरान मॉर्निंग वॉक पर निकले एक बुजुर्ग व्यक्ति कोहरे के कारण खुले स्लैब को देख नहीं पाए और नहर में गिरकर घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार यह नहर सिंचाई विभाग की पुरानी संरचना है, जो सड़क से लगभग डेढ़ फीट ऊंचाई पर पेवमेंट के रूप में स्थित है। प्रथम दृष्टया यह घटना किसी सीवर निर्माण कार्य से संबंधित नहीं पाई गई है।
जिलाधिकारी सविन बंसल ने समस्त कार्यदायी संस्थाओं एवं ठेकेदारों को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा है कि निर्माण या सफाई कार्यों के दौरान यदि सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण कोई दुर्घटना होती है, तो संबंधित विभागों एवं एजेंसियों के विरुद्ध आपराधिक मुकदमा दर्ज किया जाएगा। जनमानस की सुरक्षा से किसी भी स्तर पर समझौता स्वीकार्य नहीं होगा।

जिला प्रशासन द्वारा सभी विभागों को निर्देशित किया गया है कि निर्माण अथवा सफाई कार्यों के दौरान अनिवार्य रूप से पर्याप्त बैरिकेडिंग, चेतावनी बोर्ड, रात्रिकालीन रिफ्लेक्टर एवं अन्य सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए जाएं।

साथ ही यह भी अवगत कराया गया है कि कैनाल रोड, अपर तुनवाला क्षेत्र में सीवर पाइपलाइन डाले जाने के उपरांत सड़क रेस्टोरेशन का कार्य प्रगति पर है। वर्तमान में उक्त स्थल पर कोई रोड कटिंग कार्य संचालित नहीं है तथा सड़क का प्राथमिक रेस्टोरेशन कार्य पूर्ण किया जा चुका है।

देवभूमि खबर

Related articles