HTML tutorial
HTML tutorial

वुएनो ग्रुप के खिलाफ ईडी की बड़ी कार्रवाई, 39.73 करोड़ की संपत्ति कुर्क

वुएनो ग्रुप के खिलाफ ईडी की बड़ी कार्रवाई, 39.73 करोड़ की संपत्ति कुर्क
Spread the love

नई दिल्ली। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के जालंधर क्षेत्रीय कार्यालय ने वुएनो ग्रुप से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए 39.73 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्तियों को अस्थायी रूप से कुर्क किया है। ईडी ने 17 नवंबर 2026 को धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए), 2002 की धारा 5(1) के तहत यह आदेश जारी किया। कुर्क की गई संपत्तियों में 39.29 करोड़ रुपये मूल्य के 61 फ्लैट, आवासीय भवन और व्यावसायिक भूखंड शामिल हैं। इसके अलावा विभिन्न बैंक खातों में जमा करीब 44.31 लाख रुपये की राशि भी कुर्क की गई है।

ईडी के अनुसार ये संपत्तियां मेसर्स वुएनो इन्फोटेक प्राइवेट लिमिटेड और उससे जुड़े विभिन्न व्यक्तियों एवं संस्थाओं के नाम पर हैं। जांच में इन संपत्तियों का संबंध अपराध से अर्जित धन के कथित हस्तांतरण और उपयोग से पाया गया है।

                                      

ईडी की जांच गौतमबुद्ध नगर के थाना सेक्टर-58 में दर्ज प्राथमिकी और देश के विभिन्न राज्यों में दर्ज अन्य मामलों के आधार पर शुरू की गई थी। जांच का मुख्य केंद्र वुएनो ग्रुप की ‘माय क्लाउड पार्टिकल’ योजना है। इसके तहत निवेशकों को डेटा सेंटर की संपत्तियों अथवा क्लाउड पार्टिकल खरीदने के लिए आकर्षित किया गया था। कंपनी ने सेल एंड लीज बैक मॉडल के तहत निवेश पर 120 महीने तक निश्चित मासिक किराया देने का आश्वासन दिया था।

जांच में सामने आया कि निवेशकों को सर्वर की जितनी डेटा स्टोरेज क्षमता दिखाई गई थी, वास्तविक रूप से सर्वर की क्षमता उससे काफी कम थी। ईडी के मुताबिक कंपनी ने ऐसे क्लाउड पार्टिकल के नाम पर निवेशकों से करीब 3,717 करोड़ रुपये जुटाए, जिनका वास्तविक अस्तित्व कंपनी के पास नहीं था।

जांच एजेंसी के अनुसार कंपनी ने शुरुआती निवेशकों को करीब 1,800 करोड़ रुपये लौटाए, जबकि शेष लगभग 1,917 करोड़ रुपये की राशि कथित तौर पर अन्यत्र डायवर्ट कर दी गई। इससे बड़ी संख्या में निवेशकों को न तो वादा किया गया रिटर्न मिला और न ही उनकी निवेश की गई पूरी रकम वापस हुई।

इस मामले में ईडी पहले ही सुखविंदर सिंह खारौर, डिंपल खारौर और आरिफ निसार को गिरफ्तार कर चुकी है। इससे पहले भी दो अलग-अलग अस्थायी कुर्की आदेशों के तहत करीब 178.12 करोड़ रुपये और 19.10 करोड़ रुपये की संपत्तियां कुर्क की गई थीं। आरोपियों और उनसे संबंधित संस्थाओं के विरुद्ध 24 अप्रैल 2025 को जालंधर स्थित विशेष पीएमएलए न्यायालय में अभियोजन शिकायत भी दाखिल की जा चुकी है।

ईडी की ताजा कार्रवाई को मिलाकर इस मामले में अब तक कुल 236.95 करोड़ रुपये की संपत्तियां अस्थायी रूप से कुर्क की जा चुकी हैं। एजेंसी ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है।

देवभूमि खबर

Related articles