सेना व आईटीबीपी के भूमि मामलों के त्वरित निस्तारण के निर्देश, डीएम गौरव कुमार की अध्यक्षता में सिविल मिलिट्री लाइजन बैठक
चमोली। जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में सोमवार को जिला सभागार में सेना, आईटीबीपी एवं अन्य विभागों से जुड़े भूमि संबंधी मामलों को लेकर सिविल मिलिट्री लाइजन बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों से लंबित प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा करते हुए आपसी समन्वय के साथ शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।
बैठक में जनपद अंतर्गत सेना, आईटीबीपी एवं अन्य विभागों से संबंधित भूमि विवादों, सीमांकन एवं अन्य तकनीकी विषयों पर चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने विशेष रूप से औली क्षेत्र में भूमि सीमांकन से जुड़े मामलों को गंभीरता से लेते हुए अपर जिलाधिकारी, उपजिलाधिकारी ज्योर्तिमठ, सेना, आईटीबीपी, राजस्व एवं संबंधित विभागों की संयुक्त टीम गठित कर संयुक्त सर्वेक्षण के माध्यम से समाधान निकालने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि भूमि से जुड़े सभी मामलों का निस्तारण शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पारदर्शी, समन्वित एवं समयबद्ध तरीके से किया जाए। साथ ही उन्होंने शासन स्तर पर लंबित मामलों के शीघ्र समाधान के लिए नियमित रूप से अनुस्मारक (रिमाइंडर) भेजने के भी निर्देश अधिकारियों को दिए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार, अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, उपजिलाधिकारी ज्योर्तिमठ चन्द्रशेखर वशिष्ठ, सेना, आईटीबीपी सहित राजस्व, पर्यटन एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

