कैंचीधाम बायपास 15 जून तक हर हाल में यातायात के लिए खोलें: सतपाल महाराज
रिपोर्ट: ललित जोशी।
नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल से लगभग 22 किलोमीटर दूर भीमताल पहुंचे प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज का भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा गर्मजोशी से स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर उन्होंने जनपद नैनीताल के विकास कार्यों को गति देने के लिए 12 करोड़ 58 लाख 12 हजार रुपये की कुल 5 योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।
कैबिनेट मंत्री द्वारा विकास भवन पहुंचकर लोक निर्माण विभाग की 9.45 करोड़ रुपये की 4 योजनाओं का शिलान्यास तथा 3.12 करोड़ रुपये की एक योजना का लोकार्पण किया गया। इस प्रकार कुल 12.58 करोड़ रुपये की 5 विकास योजनाएं जनता को समर्पित की गईं।
अपने संबोधन में सतपाल महाराज ने कहा कि जनपद नैनीताल निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर है और प्रदेश सरकार द्वारा विकास योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि पंचायतों को सशक्त बनाने के लिए 73वें संविधान संशोधन के अंतर्गत 11वीं अनुसूची में वर्णित 29 विषयों के हस्तांतरण की प्रक्रिया चल रही है। साथ ही प्रदेशभर में नए पंचायत भवनों का निर्माण और पुराने भवनों का जीर्णोद्धार किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सड़क कनेक्टिविटी को प्राथमिकता दे रही है। अब तक 14,027 नए गांवों को सड़क मार्ग से जोड़कर मुख्य धारा से जोड़ा जा चुका है। वहीं दीन दयाल उपाध्याय गृह आवास (होम-स्टे) योजना के अंतर्गत 5 हजार से अधिक होम-स्टे पंजीकृत किए जा चुके हैं और 1118 से अधिक लोग इस योजना का लाभ उठा चुके हैं।
विकास भवन सभागार में आयोजित जनसंवाद एवं विभागीय समीक्षा बैठक के दौरान सतपाल महाराज ने कैंचीधाम बायपास को लेकर सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 15 जून तक हर हाल में कैंचीधाम बायपास पर यातायात शुरू किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि 75 मीटर स्पान के पुल के निर्माण में विलंब की संभावना हो तो अस्थायी रूप से वैली ब्रिज की व्यवस्था कर बायपास को तय समय में चालू किया जाए।
उन्होंने जनपद की प्रमुख सड़कों के चौड़ीकरण के प्रस्ताव प्राथमिकता से शासन को भेजने, भारी वाहनों के अनुरूप सड़कों के निर्माण और हॉटमिक्स कार्यों में गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए।
सिंचाई विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने क्षतिग्रस्त गूलों और नहरों की मरम्मत प्राथमिकता पर करने, भीमताल-नौकुचियाताल नहर से अतिक्रमण हटाने, ढुंगसील पहाड़ी से हो रहे भू-कटाव को रोकने तथा झीलों व नदियों की गाद हटाने के लिए वैज्ञानिक और आधुनिक तकनीक अपनाने के निर्देश दिए।
पंचायतीराज विभाग की समीक्षा में उन्होंने गांव से लेकर मुख्यालय तक कूड़ा निस्तारण की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने, कॉम्पेक्टर के उपयोग और सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। पर्यटन विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने होम-स्टे में स्वच्छ शौचालय एवं साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने तथा कमरों की संख्या बढ़ाने की दिशा में कार्य करने की बात कही।
बैठक में विधायक सरिता आर्य, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दर्मवाल एवं भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट ने क्षेत्रीय समस्याओं से अवगत कराते हुए महत्वपूर्ण सुझाव रखे। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे, जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
