एसपी नैनीताल ने कोतवाली भवाली का किया वार्षिक निरीक्षण, नशे के विरुद्ध सख़्त कार्रवाई के निर्देश
नैनीताल। डॉ. जगदीश चंद्र, पुलिस अधीक्षक नैनीताल द्वारा कोतवाली भवाली का वार्षिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान थाना व्यवस्था, अभिलेख, आपदा प्रबंधन, विवेचना, पुलिस कर्मियों की कार्यशैली तथा जनसेवा से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की गहन समीक्षा की गई।
निरीक्षण की शुरुआत में प्रभारी निरीक्षक भवाली श्री प्रकाश सिंह मेहरा द्वारा एसपी नैनीताल को कोतवाली परिसर, भवन, कर्मचारी बैरक एवं मालखाने का भ्रमण कराया गया। पुलिस अधीक्षक ने थाना कार्यालय, परिसर एवं भोजनालय में स्वच्छता एवं हाइजीन बनाए रखने के निर्देश देते हुए पुलिस कर्मियों के लिए गुणवत्तापूर्ण भोजन हेतु मेन्यू चार्ट तैयार करने के निर्देश दिए।
आपदा प्रबंधन के तहत उपलब्ध सभी उपकरणों को चैक किया गया तथा उनके उचित रख-रखाव के निर्देश दिए गए। कोतवाली में तैनात पुलिस कर्मियों को शस्त्र ड्रिल कराई गई तथा थाना प्रभारी को निर्देशित किया गया कि किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने हेतु नियमित शस्त्राभ्यास सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान कोतवाली के सभी अभिलेखों की जांच की गई। एसपी नैनीताल ने निर्देश दिए कि सभी अभिलेखों को अद्यावधिक रखते हुए प्रविष्टियां पूर्ण की जाएं। कार्यालय में नियुक्त कर्मियों को सभी ऑनलाइन पोर्टल्स एवं CCTNS से संबंधित कार्यों का डेटा समयबद्ध रूप से अपडेट करने के निर्देश भी दिए गए।
महिला हेल्पडेस्क का निरीक्षण करते हुए वहां नियुक्त पुलिस कर्मियों को प्राप्त होने वाली शिकायतों का तत्काल एवं संवेदनशील समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही सभी माल मुकदमाती एवं मोटर वाहन अधिनियम से संबंधित वाहनों की जांच की गई। थाना प्रभारी को निर्देशित किया गया कि माल मुकदमाती का माननीय न्यायालय की प्रक्रिया के अनुसार शीघ्र निस्तारण कराया जाए। एनडीपीएस से संबंधित मालों के प्रभावी निस्तारण हेतु रिपोर्ट व्ययन समिति को प्रेषित करने के निर्देश दिए गए।
थाने पर प्राप्त होने वाली ऑनलाइन एवं लिखित शिकायतों की समीक्षा की गई, जिसमें सभी प्रार्थना पत्र अद्यावधिक पाए गए। विवेचनाओं की गुणवत्ता बढ़ाने तथा निर्धारित समयसीमा में निस्तारण सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए।
एसपी नैनीताल द्वारा सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों का सम्मेलन लिया गया, जिसमें उनकी समस्याएं सुनी गईं और समाधान किया गया। पुलिस कर्मियों को साफ-सुथरी वर्दी, नियमित व्यायाम, क्षेत्र में पुलिस विजिबिलिटी बढ़ाने, नशे के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने तथा पब्लिक ओरिएंटेड पुलिसिंग अपनाने के निर्देश दिए गए।
इसके अतिरिक्त कोतवाली के सभी विवेचकों का आदेश कक्ष लिया गया। विवेचनात्मक कार्यवाहियों एवं अद्यतन स्थिति की समीक्षा करते हुए संबंधित विवेचकों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध विवेचना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी निरीक्षक भवाली श्री प्रकाश सिंह मेहरा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक श्री आसिफ खान, उपनिरीक्षक श्री चंद्रशेखर कन्याल (वाचक एसपी नैनीताल) सहित संबंधित चौकी प्रभारी एवं कोतवाली के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

