जनता दर्शन में भूमि कब्जों पर डीएम का सख़्त एक्शन, पीड़ितों को मौके पर मिला न्याय
देहरादून। मुख्यमंत्री के “समस्या सुनो–समाधान करो” संकल्प से प्रेरित जिला प्रशासन द्वारा जनता दर्शन को केवल सुनवाई नहीं, बल्कि न्याय से लेकर प्रवर्तन कार्रवाई तक का प्रभावी मंच बनाया गया है। इसी क्रम में सोमवार को जिलाधिकारी सविन बंसल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट परिसर स्थित ऋषिपर्णा सभागार में जनता दरबार आयोजित किया गया, जिसमें 195 फरियादियों ने समाधान की आस में अपनी समस्याएं रखीं।
जनता दर्शन में भूमि विवाद, अवैध कब्जा, सीमांकन, पारिवारिक विवाद, आर्थिक सहायता, रोजगार, शिक्षा, नगर निगम, एडीए सहित विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतें प्राप्त हुईं। जिलाधिकारी ने सभी मामलों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और प्रभावी निस्तारण के कड़े निर्देश दिए।
अम्बीवाला निवासी नेशनल पैरा ओलंपिक खिलाड़ी विजय चौधरी ने
शिकायत की कि उनकी माता कलावती के नाम दर्ज भूमि पर विवाद न्यायालय में विचाराधीन होने के बावजूद पड़ोसी महिला द्वारा हरे-भरे पेड़ों को काटा जा रहा है। जिलाधिकारी ने मौके पर ही एसडीएम को न्यायालय के अग्रिम आदेशों तक यथा स्थिति बनाए रखने के निर्देश दिए।
कोटरा संतूर निवासी भूतपूर्व सैनिक राजेश कुमार ने बताया कि वर्ष 2016 में खरीदी गई उनकी भूमि पर अवैध कब्जा कर उनके विरुद्ध निराधार प्राथमिकी दर्ज कराई गई। जिलाधिकारी द्वारा तलब रिपोर्ट में आरोप निराधार पाए गए, जिसके बाद एसडीएम विकासनगर को भूमि पर कब्जा दिलाने तथा थाने से निराधार मुकदमा हटाने के निर्देश दिए गए।
डोईवाला निवासी मीना क्षेत्री ने पुत्र व पुत्रवधू से जान-माल का खतरा बताते हुए शिकायत दर्ज कराई। मामला तहसील में लंबित होने पर जिलाधिकारी ने तत्काल जिला कार्यालय में स्थानांतरित कर फास्ट ट्रैक सुनवाई के निर्देश दिए।
सेवानिवृत्त शिक्षक की विधवा को चिकित्सा प्रतिपूर्ति नहीं
जौलीग्रांट निवासी बुजुर्ग विधवा लक्ष्मी तोमर ने बताया कि उनके दिवंगत पति शिक्षा विभाग से सेवानिवृत्त थे और ₹1.37 लाख की चिकित्सा प्रतिपूर्ति अब तक लंबित है। जिलाधिकारी ने शिक्षा अधिकारी से तत्काल स्पष्ट आख्या तलब की।
एटनबाग क्षेत्र के किसानों ने सिंचाई नहर पर अवैध निर्माण की शिकायत की। जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता को दो दिवस में जांच कर समाधान के निर्देश दिए।
ठगी, घरेलू हिंसा और अवैध कब्जों पर सख़्त रुख
डालनवाला क्षेत्र में प्रॉपर्टी डीलर द्वारा ₹8 लाख की ठगी की शिकायत पर क्षेत्राधिकारी पुलिस को कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
ऋषिकेश निवासी बुजुर्ग छज्जू राम की पुत्रवधू द्वारा मारपीट की शिकायत पर भी पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
हरिपुर कलां निवासी 80 वर्षीय बुजुर्ग की भूमि व सरकारी सड़क पर अवैध कब्जे की शिकायत पर एसडीएम को त्वरित जांच के आदेश दिए गए।
कारगी चौक, कुंज विहार निवासी ममता नौटियाल की गली में अधूरी सीवर लाइन के मामले में संबंधित संस्था को तत्काल समाधान के निर्देश दिए गए।
डोईवाला निवासी दीपा की निःशुल्क कानूनी सहायता की मांग को विधिक सेवा प्राधिकरण को प्रेषित किया गया।
जनता दर्शन में अपर जिलाधिकारी (वि.रा.) के.के. मिश्रा, एसडीएम अपूर्वा सिंह, कुमकुम जोशी, विनोद कुमार, उप नगर आयुक्त संतोष कुमार पांडेय, परियोजना निदेशक विक्रम सिंह, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
