देहरादून।मुख्य सचिव श्री आनन्द बर्द्धन की अध्यक्षता में आज सचिवालय में उत्तराखण्ड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण की उत्तराखण्ड एयर कनेक्टिविटी स्कीम के सम्बन्ध में बैठक सम्पन्न हुई। मुख्य सचिव ने अधिकारियों से प्रदेश में एयर कनेक्टिविटी की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली।
उन्होंने आदि कैलाश, नाभिडांग और जॉलीकांग को हवाई सेवा से जोड़े जाने के लिए कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सहस्त्रधारा से पूर्णागिरी के लिए भी हवाई सेवा शीघ्र शुरू की जाए।
मुख्य सचिव ने कहा कि प्रदेश में हवाई सम्पर्क बढ़ाए जाने की सम्भावनाएं तलाशे जाने के लगातार प्रयास किए जाएं। उन्होंने प्रदेश में पर्यटन सर्किट के विकास को ध्यान में रखते हुए हेलीपैड और हेलीपोर्ट सुविधाओं को बढ़ाए जाने पर जोर दिया।
सचिव श्री सचिन कुर्वे ने कहा कि प्रदेश में हेलीपैड और हेलीपोर्ट विकसित किए जाने के प्रयास किए जा रहे हैं। शीघ्र ही नैनीसैनी एयरपोर्ट को एयरपोर्ट ऑथोरिटी ऑफ इंडिया को हैंड ओवर किया जाएगा।
इस अवसर पर अपर सचिव श्री आशीष चौहान सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

