मानदेय वृद्धि पर मुख्यमंत्री का आभार जताने पहुंचीं आंगनबाड़ी संगठनों की पदाधिकारी, धरने पर बैठी कार्यकर्ताओं ने उठाए सवाल

देहरादून। उत्तराखंड में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं के मानदेय एवं अन्य मांगों को लेकर आंदोलन जारी है। एक ओर प्रदेश की बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां पिछले एक महीने से धरना स्थलों पर बैठकर अपनी मांगों को लेकर आवाज उठा रही हैं, वहीं दूसरी ओर आंगनबाड़ी कार्यकत्री/सेविका कर्मचारी यूनियन उत्तराखण्ड तथा उत्तरांचल आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ के प्रतिनिधिमंडलों ने मुख्यमंत्री आवास पहुंचकर मानदेय वृद्धि की घोषणा के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताया। इस मुलाकात को लेकर आंदोलनरत कार्यकर्ताओं ने नाराजगी जाहिर करते हुए सवाल उठाए हैं।
आंदोलनरत महिलाओं का कहना है कि जब प्रदेशभर में उनकी बहनें पिछले एक महीने से धरना-प्रदर्शन कर रही हैं और अपनी मांगों को लेकर संघर्षरत हैं, तो ऐसे समय में कुछ संगठनों के पदाधिकारियों द्वारा मुख्यमंत्री का धन्यवाद करना उचित नहीं है। उन्होंने सवाल किया कि आखिर किस बात के लिए सरकार का आभार जताया गया, जबकि उनकी कई मांगें अब भी लंबित हैं। उन्होंने उन महिलाओं और पदाधिकारियों पर भी सवाल उठाए, जो इस मुलाकात का समर्थन कर रहे हैं।
आंदोलनरत कार्यकर्ताओं ने मीडिया से भी अपील की कि मुख्यमंत्री आवास में हुए मुलाकात और धन्यवाद कार्यक्रम की खबरों के साथ धरना स्थलों पर संघर्ष कर रही महिलाओं की समस्याओं और उनकी आवाज को भी प्रमुखता दी जाए। उनका आरोप है कि सरकार कुछ महिलाओं के साथ तस्वीरें साझा कर मानदेय वृद्धि को अपनी उपलब्धि के रूप में प्रस्तुत कर रही है, जबकि जमीनी स्तर पर आंदोलनरत कार्यकर्ताओं की मांगों का समाधान नहीं हुआ है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मांगों पर विचार के लिए गठित एक वर्ष की समिति अब तक कोई ठोस परिणाम नहीं दे पाई है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि केवल घोषणाओं और मुलाकातों से उनकी समस्याएं समाप्त नहीं होंगी, बल्कि सरकार को सभी मांगों पर ठोस निर्णय लेकर आंदोलनरत बहनों को न्याय देना चाहिए।
वहीं, रविवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुख्यमंत्री आवास में आंगनबाड़ी कार्यकत्री/सेविका कर्मचारी यूनियन उत्तराखण्ड तथा उत्तरांचल आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ के प्रतिनिधिमंडलों ने मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडलों ने दिसंबर 2026 से आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं एवं भोजनमाताओं का मानदेय बढ़ाने की घोषणा के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया।मुख्यमंत्री ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां एवं सहायिकाएं मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण, प्रारंभिक बाल विकास तथा जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। राज्य सरकार मातृशक्ति के सम्मान, सशक्तीकरण और आर्थिक सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकत्री/सेविका कर्मचारी यूनियन की प्रांतीय महासचिव चित्रकला, कोषाध्यक्ष लक्ष्मी पंत, उपाध्यक्ष ज्योतिका पांडे तथा उत्तरांचल आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ की प्रदेश महामंत्री वृन्दा, अध्यक्ष भगवती बिष्ट और उपाध्यक्ष राजमती नेगी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
आंदोलनरत कार्यकर्ताओं का कहना है कि मानदेय वृद्धि की घोषणा का स्वागत अपनी जगह है, लेकिन जब तक धरना स्थलों पर बैठी सभी बहनों की मांगों का समाधान नहीं होता, तब तक उनके संघर्ष को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए।


