HTML tutorial
HTML tutorial

अधिकारी को गोली मारने वाला संविदा चालक गिरफ्तार, कनखल पुलिस ने दबोचा

अधिकारी को गोली मारने वाला संविदा चालक गिरफ्तार, कनखल पुलिस ने दबोचा
Spread the love

हरिद्वार। कनखल थाना क्षेत्र के विष्णु गार्डन में आपसी विवाद के चलते संविदा पर नियुक्त एक चालक ने अपने ही अधिकारी को गोली मार दी। गोली अधिकारी को छूकर निकल गई, जिससे वह बाल-बाल बच गए। घायल अधिकारी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी चालक को मौके से हिरासत में ले लिया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त 315 बोर का तमंचा और एक खोखा कारतूस बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार, 21 नवंबर 2026 को थाना कनखल पुलिस को विष्णु गार्डन क्षेत्र में गोली चलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस को पता चला कि संविदा चालक विनोद नेगी पुत्र भारत सिंह निवासी ग्राम जयहरी, यमकेश्वर, पौड़ी गढ़वाल ने अपने अधिकारी चन्द्रप्रकाश नौटियाल को गोली मार दी है। गोली छूकर निकलने से अधिकारी की जान बच गई। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

घटना के बाद आरोपी ने पुलिस से बचने और साक्ष्य मिटाने के लिए घटनास्थल की सफाई शुरू कर दी। वह फर्श पर पोछा लगाने लगा और कपड़े बदलकर फरार होने की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान पहुंची कनखल पुलिस ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह वर्ष 2006 से संबंधित कार्यालय में चालक के पद पर कार्यरत था। पिछले चार-पांच महीनों से अधिकारी और उसके बीच विवाद चल रहा था। आरोपी अधिकारी की टोका-टाकी और कथित रूप से परेशान किए जाने से नाराज था। इसी रंजिश में उसने गोली चलाने की घटना को अंजाम दिया।

पुलिस ने अधिकारी चन्द्रप्रकाश नौटियाल की तहरीर के आधार पर थाना कनखल में मुकदमा अपराध संख्या 449/26, धारा 109(1) बीएनएस एवं 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया है। आरोपी विनोद नेगी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थाना प्रभारी देवेन्द्र सिंह रावत, वरिष्ठ उपनिरीक्षक अनुज सिंह, उपनिरीक्षक नवल किशोर गुप्ता, अपर उपनिरीक्षक मुन्ना नेगी, हेड कांस्टेबल जितेन्द्र कुमार और कांस्टेबल संजू सैनी शामिल रहे।

देवभूमि खबर

Related articles