रुद्रप्रयाग से स्थानांतरित तीन निरीक्षकों को दी गई भावभीनी विदाई

मनोज नेगी का उत्तरकाशी और मुकेश चौहान व राकेश कुमार का देहरादून हुआ स्थानांतरण
रुद्रप्रयाग।आगामी विधानसभा चुनाव के दृष्टिगत निर्वाचन संबंधी दिशा-निर्देशों एवं प्रशासनिक आवश्यकताओं के तहत जनपद रुद्रप्रयाग से अन्य जनपदों में स्थानांतरित हुए तीन पुलिस निरीक्षकों के सम्मान में पुलिस कार्यालय में विदाई समारोह आयोजित किया गया। पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर ने निरीक्षक मनोज नेगी, मुकेश चौहान और राकेश कुमार को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
समारोह में तीनों निरीक्षकों ने जनपद में अपनी सेवाओं के दौरान मिले अनुभवों और कार्यकाल की स्मृतियों को साझा किया। उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों एवं सहकर्मियों से मिले सहयोग और मार्गदर्शन के लिए आभार जताया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर ने कहा कि पुलिस विभाग में स्थानांतरण सेवा का अभिन्न हिस्सा है। प्रत्येक अधिकारी अपने कार्यों, कर्तव्यनिष्ठा और व्यवहार से अपनी अलग पहचान बनाता है। उन्होंने तीनों निरीक्षकों के योगदान की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि वे अपनी नई तैनाती पर भी पूरी निष्ठा, समर्पण और कार्यकुशलता के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे।
उल्लेखनीय है कि निरीक्षक मनोज नेगी वर्ष 2022 से जनपद रुद्रप्रयाग में तैनात थे। उन्होंने एसओजी प्रभारी, कोतवाली रुद्रप्रयाग प्रभारी और कोतवाली ऊखीमठ प्रभारी के रूप में सेवाएं दीं। उनका स्थानांतरण उत्तरकाशी किया गया है। वहीं निरीक्षक मुकेश चौहान वर्ष 2024 से जनपद में तैनात थे और उन्होंने कोतवाली ऊखीमठ एवं कोतवाली रुद्रप्रयाग प्रभारी के रूप में कार्य किया। निरीक्षक राकेश कुमार ने वर्ष 2024 से जनपद में सेवाएं देते हुए डीसीआरबी प्रभारी और कोतवाली गुप्तकाशी प्रभारी की जिम्मेदारी संभाली। इन दोनों निरीक्षकों का स्थानांतरण देहरादून किया गया है।
समारोह में क्षेत्राधिकारी रुद्रप्रयाग विकास पुंडीर, क्षेत्राधिकारी गुप्तकाशी अवनी तिवारी सहित पुलिस विभाग के अधिकारी, थाना प्रभारी, शाखा प्रभारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


