16 फरवरी को कांग्रेस का विशाल ‘राजभवन घेराव’, तैयारियों को लेकर राजीव भवन में मंथन

16 फरवरी को कांग्रेस का विशाल ‘राजभवन घेराव’, तैयारियों को लेकर राजीव भवन में मंथन
Spread the love

देहरादून ।अखिल भारतीय कांग्रेस के आह्वान पर आगामी 16 फरवरी 2026 को प्रस्तावित विशाल ‘‘राजभवन घेराव’’ कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर उत्तराखण्ड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री गणेश गोदियाल की अध्यक्षता में वरिष्ठ कांग्रेसजनों की बैठक प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय, राजीव भवन, 21 राजपुर रोड, देहरादून में आयोजित की गई। बैठक में उपस्थित वरिष्ठ नेताओं ने कार्यक्रम की सफलता सुनिश्चित करने के लिए अपने-अपने सुझाव प्रस्तुत किए तथा अब तक की गई तैयारियों की जानकारी साझा की।

यह जानकारी देते हुए निवर्तमान मीडिया प्रभारी राजीव महर्षि ने बताया कि पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व के आह्वान पर राज्य के जनहित के मुद्दों को लेकर 16 फरवरी को कांग्रेस द्वारा विशाल राजभवन घेराव किया जाएगा।

इस कार्यक्रम में पार्टी के वरिष्ठ नेता, विधायक, पूर्व विधायक, एआईसीसी एवं पीसीसी सदस्य, प्रदेश पदाधिकारी, अनुषांगिक संगठन, विभागों और प्रकोष्ठों के पदाधिकारी तथा प्रदेशभर से हजारों कार्यकर्ता भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस दौरान राज्य में बिगड़ी कानून व्यवस्था, महिलाओं पर बढ़ते अत्याचार, बेरोजगारी और ग्रामीण क्षेत्रों में जंगली जानवरों के हमलों जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए भाजपा सरकार को घेरने का कार्य करेगी।

तैयारियों की समीक्षा के बाद प्रदेश अध्यक्ष श्री गणेश गोदियाल ने वरिष्ठ नेताओं के साथ परेड ग्राउंड स्थित कार्यक्रम स्थल का भी निरीक्षण किया और पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की जनविरोधी, महिला विरोधी और युवा विरोधी नीतियों से जनता त्रस्त है।

उन्होंने आरोप लगाया कि राजधानी देहरादून में दिनदहाड़े आपराधिक घटनाएं हो रही हैं, जिससे कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। श्री गोदियाल ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से 16 फरवरी को अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया।

बैठक में प्रदेश महामंत्री राजेन्द्र भंडारी, निवर्तमान मीडिया प्रभारी राजीव महर्षि, प्रदेश महामंत्री राजेन्द्र शाह, अभिनव थापर, महानगर अध्यक्ष डॉ. जसविन्दर सिंह गोगी, प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह, राजेश चमोली, लोकसेवा आयोग के पूर्व सदस्य संजय शर्मा, अमरजीत सिंह, प्रीतम आर्य, प्रशान्त खंडूरी, सुनित सिंह राठौर, मोहन काला, अनिल नेगी सहित अनेक कांग्रेस नेता उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles