तिब्बती मार्केट हत्याकांड का खुलासा: 12 लाख में दी गई थी सुपारी, दो शूटर मुठभेड़ में घायल

Spread the love

देहरादून। तिब्बती मार्केट के पास युवक अर्जुन शर्मा की हत्या का दून पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए मुख्य शूटरों समेत कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना को अंजाम देने वाले दोनों मुख्य अभियुक्त पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गए। पुलिस ने उनके कब्जे से 315 बोर के दो तमंचे, जिंदा व खोखा कारतूस तथा वारदात में प्रयुक्त स्कूटी बरामद की है।

11 फरवरी 2026 को सुबह करीब 10:30 बजे कोतवाली डालनवाला को सूचना मिली कि तिब्बती मार्केट के पास एक व्यक्ति को गोली मार दी गई है। घायल को दून अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान अर्जुन शर्मा, निवासी इंदिरा नगर, देहरादून के रूप में हुई, जो जीएमएस रोड स्थित अमरदीप गैस एजेंसी के स्वामी थे।

मृतक की पत्नी की तहरीर पर सास बीना शर्मा, विनोद उनियाल, संगीता उनियाल और डॉ. अजय खन्ना के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। जांच में सामने आया कि मृतक का अपनी मां और उनके सहयोगियों से संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था।

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि जीएमएस रोड स्थित संपत्ति को लेकर 14 करोड़ रुपये की डील हुई थी। विवाद के चलते बीना शर्मा, डॉ. अजय खन्ना और विनोद उनियाल ने अर्जुन शर्मा को रास्ते से हटाने की साजिश रची और 12 लाख रुपये में दो सगे भाइयों पंकज राणा और राजीव उर्फ राजू को सुपारी दी। तीन लाख रुपये एडवांस दिए गए थे।
सघन चेकिंग के दौरान रायपुर और डोईवाला पुलिस ने दोनों आरोपियों को अलग-अलग स्थानों पर रोकने का प्रयास किया, जिस पर उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैर में गोली लगी और उन्हें गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पूछताछ में दोनों ने हत्या करना स्वीकार किया। इसके बाद साजिश में शामिल बीना शर्मा, विनोद उनियाल और डॉ. अजय खन्ना को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना जारी रखी है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहित अन्य अधिकारियों ने घटना स्थल और अस्पताल पहुंचकर जांच की निगरानी की। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से गहन जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

मुख्य सचिव की अध्यक्षता में व्यय वित्त समिति की बैठक, ₹210 करोड़ से अधिक के विकास प्रस्तावों को मिली संस्तुति

Spread the love