हरिद्वार में ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ शिविर में 1755 लोग लाभान्वित
हरिद्वार।जनपद के विकासखंड भगवानपुर की न्याय पंचायत भलस्वागाज स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय में ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के अंतर्गत बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उप जिलाधिकारी भगवानपुर देवेंद्र सिंह नेगी ने की।
शिविर के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत 1755 क्षेत्रवासियों को लाभान्वित किया गया। वहीं 410 लोगों को अलग-अलग विभागों के माध्यम से प्रमाण पत्र जारी किए गए। शिविर में कुल 2165 लोगों ने प्रतिभाग कर योजनाओं की जानकारी प्राप्त की और अपनी समस्याएं दर्ज कराईं।
शिविर में क्षेत्रवासियों द्वारा विभिन्न विभागों से संबंधित 65 शिकायतें दर्ज कराई गईं, जिनमें से 36 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को त्वरित कार्रवाई हेतु संबंधित विभागों को प्रेषित किया गया। दर्ज समस्याओं में पानी की टंकी, आधार कार्ड, राशन कार्ड, वृद्धावस्था पेंशन, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन, किसान सम्मान निधि, भूमि विवाद, अतिक्रमण, विद्युत बिल, जलभराव, चकरोड़, साफ-सफाई तथा राजस्व भूमि से संबंधित प्रकरण प्रमुख रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों का उल्लेख करते हुए देशराज कर्णवाल, उपाध्यक्ष (राज्यमंत्री स्तर) समाज कल्याण योजनाएं अनुश्रवण समिति ने कहा कि प्रदेश की सभी न्याय पंचायतों में यह अभियान संचालित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य पात्र नागरिकों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है।
उप जिलाधिकारी देवेंद्र सिंह नेगी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन शिकायतों का निस्तारण शिविर में नहीं हो पाया है, उनका प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए।
इस अवसर पर राज्य मंत्री श्यामवीर सैनी, राज्यमंत्री शोभाराम प्रजापति, प्रदेश उपाध्यक्ष किसान मोर्चा देवी सिंह राणा, पूर्व सलाहकार सीएम नरेंद्र सिंह, मंडल अध्यक्ष संदीप रघुवंशी, मंडल अध्यक्ष विराट गोयल, खंड विकास अधिकारी आलोक गार्गेय सहित समस्त ग्राम प्रधान, पंचायत सदस्य, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

