4 राज्यों में नकबजनी करने वाले इंटर-स्टेट गैंग का खुलासा, 2.50 लाख के आभूषणों के साथ एक गिरफ्तार

हल्द्वानी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में चोरी एवं नकबजनी की घटनाओं के अनावरण और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली मुखानी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने एक शातिर अंतरराज्यीय नकबजन गिरोह का खुलासा करते हुए उसके एक सदस्य को करीब 2.50 लाख रुपये कीमत के चोरी के सोने-चांदी के आभूषणों के साथ गिरफ्तार किया है। पूछताछ में गिरोह द्वारा उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और कर्नाटक में चोरी की घटनाओं को अंजाम देना सामने आया है।
पुलिस के अनुसार 31 अगस्त 2026 को नवीन पनेरु निवासी लालपुर नायक, हल्द्वानी की तहरीर पर कोतवाली मुखानी में प्राथमिकी संख्या 137/2026, धारा 305(ए)/331(4) बीएनएस के तहत अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता के घर में 27 से 30 अगस्त के बीच अज्ञात चोरों ने ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर ली थी।
घटना के अनावरण के लिए पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा सुरागरसी-पतारसी के माध्यम से महत्वपूर्ण सुराग जुटाए। प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने 21 सितंबर 2026 को ग्रिनवुड ग्लोबल स्कूल के पास से तारिक फहीम पुत्र मौ. सलीम, निवासी ग्राम अकरौली, थाना बनियाठेर, जिला सम्भल, उत्तर प्रदेश, उम्र 45 वर्ष को गिरफ्तार किया।
अभियुक्त के कब्जे से दो पीली धातु की चेन, दो पीली धातु के टॉप्स और दो सफेद धातु की पायल बरामद हुईं। बरामद आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब 2 लाख 50 हजार रुपये है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।
पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि उसने अपने साथी कदीर पुत्र छोटे खां और जफर पुत्र तौफीक, दोनों निवासी ग्राम अकरौली, थाना बनियाठेर, जिला सम्भल, के साथ मिलकर रक्षाबंधन की रात मुखानी क्षेत्र में एक घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी की थी। चोरी के माल को तीनों ने आपस में बांट लिया था। तारिक फहीम अपने हिस्से के आभूषण बेचने के लिए हल्द्वानी आया था, जहां पुलिस ने उसे चोरी के माल सहित गिरफ्तार कर लिया।
जांच में इस गिरोह द्वारा कर्नाटक के उडुपी, पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद, उत्तर प्रदेश के बनियाठेर और उत्तराखंड के मुखानी, नैनीताल में चोरी एवं नकबजनी की घटनाओं को अंजाम देना प्रकाश में आया है। गिरोह के दो अन्य सदस्यों कदीर और जफर को कर्नाटक पुलिस द्वारा हाल ही में एक अन्य आपराधिक मामले में गिरफ्तार किए जाने की जानकारी सामने आई है। दोनों के संबंध में संबंधित पुलिस से आवश्यक जानकारी एवं आपराधिक इतिहास जुटाया जा रहा है।
पुलिस टीम की इस कार्रवाई के उत्साहवर्धन के लिए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने टीम को 1,500 रुपये के नगद पुरस्कार की घोषणा की है। उत्कृष्ट योगदान देने वाले टीम सदस्य को पृथक रूप से पुरस्कृत किए जाने की भी घोषणा की गई है।
गिरफ्तार अभियुक्त: तारिक फहीम पुत्र मौ. सलीम, निवासी ग्राम अकरौली, थाना बनियाठेर, जिला सम्भल, उत्तर प्रदेश, उम्र 45 वर्ष।
प्रकाश में आए सह-अभियुक्त: कदीर पुत्र छोटे खां एवं जफर पुत्र तौफीक, दोनों निवासी ग्राम अकरौली, थाना बनियाठेर, जिला सम्भल, उत्तर प्रदेश।
बरामदगी: दो पीली धातु की चेन, दो पीली धातु के टॉप्स और दो सफेद धातु की पायल, कुल अनुमानित कीमत 2.50 लाख रुपये।
पुलिस टीम: उपनिरीक्षक दीपा भट्ट, चौकी प्रभारी आरटीओ, कोतवाली मुखानी; उपनिरीक्षक सुनील गोस्वामी, कोतवाली मुखानी; कांस्टेबल सुनील आर्य और कांस्टेबल बलवंत सिंह।
