प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने संभाला एसएसपी देहरादून का पदभार, महिला सुरक्षा व कानून व्यवस्था पर रहेगा विशेष फोकस

प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने संभाला एसएसपी देहरादून का पदभार, महिला सुरक्षा व कानून व्यवस्था पर रहेगा विशेष फोकस
Spread the love

देहरादून।प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून का विधिवत कार्यभार ग्रहण किया। पदभार संभालने के उपरांत आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने अपनी प्राथमिकताओं को स्पष्ट करते हुए महिला सुरक्षा, कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाना तथा यातायात व्यवस्था में सुधार को सर्वोच्च प्राथमिकता बताया।

उन्होंने कहा कि देहरादून जनपद में महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस एवं प्रभावी कदम उठाए जाएंगे। साथ ही लॉ एंड ऑर्डर को बेहतर बनाए रखने के लिए पुलिस की सक्रियता और सतर्कता बढ़ाई जाएगी। शहर में बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए यातायात प्रबंधन में सुधार हेतु विशेष अभियान चलाए जाएंगे, जिससे आमजन को राहत मिल सके।

एसएसपी ने यह भी कहा कि पुलिसकर्मियों के मनोबल को ऊंचा रखना और उनकी कार्यक्षमता को बढ़ाना उनकी कार्यशैली का महत्वपूर्ण हिस्सा रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि एक सशक्त और प्रेरित पुलिस बल ही प्रभावी कानून व्यवस्था की आधारशिला है।

प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने साम्प्रदायिक सौहार्द एवं धार्मिक समरसता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वाले अराजक तत्वों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी और ऐसे मामलों में सख्त वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

नव नियुक्त एसएसपी ने जनपदवासियों को भरोसा दिलाया कि पारदर्शिता, संवेदनशीलता और तत्परता के साथ पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।

देवभूमि खबर

Related articles