नैनीताल पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 36 लाख की 121 ग्राम स्मैक संग तस्कर गिरफ्तार, नवंबर से अब तक 55 पर शिकंजा

नैनीताल पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 36 लाख की 121 ग्राम स्मैक संग तस्कर गिरफ्तार, नवंबर से अब तक 55 पर शिकंजा
Spread the love

नैनीताल।मुख्यमंत्री के ‘ड्रग फ्री देवभूमि मिशन’ को प्रभावी रूप से लागू करते हुए डॉ. मंजूनाथ टी.सी. (एसएसपी नैनीताल) के नेतृत्व में नैनीताल पुलिस नशे के विरुद्ध लगातार कड़ी कार्रवाई कर रही है। नवंबर माह से अब तक 55 नशा तस्करों के खिलाफ 44 अभियोग दर्ज किए जा चुके हैं। इस अवधि में 7.96 किलोग्राम चरस, 768.32 ग्राम स्मैक, 83 किलोग्राम गांजा, 180 नशीली गोलियां, 24 कैप्सूल तथा 993 नशीले इंजेक्शन बरामद किए गए हैं।

इसी क्रम में 22 फरवरी 2026 को बनभूलपुरा पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए लगभग 36 लाख रुपये कीमत की 121 ग्राम स्मैक के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया। कार्रवाई मनोज कुमार कत्याल (पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी) और अमित कुमार (सीओ हल्द्वानी) के पर्यवेक्षण में तथा दिनेश सिंह फर्त्याल (प्रभारी निरीक्षक बनभूलपुरा) के नेतृत्व में चेकिंग अभियान के दौरान गौला बाईपास रोड क्षेत्र में की गई।

गिरफ्तार अभियुक्त मोहम्मद उमेर (24 वर्ष), निवासी अजीज गली, थाना बहेड़ी जिला बरेली (वर्तमान निवासी टांडा, शेखपुरा) के कब्जे से 121 ग्राम स्मैक बरामद हुई। अभियुक्त के खिलाफ कोतवाली बनभूलपुरा में FIR संख्या 31/26 धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने 121 ग्राम स्मैक बरामद कर तस्कर को गिरफ्तार करने वाली संयुक्त टीम को ₹2000 के नगद पुरस्कार से पुरस्कृत करने की घोषणा की।


इस सफल ऑपरेशन में उ0नि0 मनोज यादव, कानि० दिलशाद अहमद, कानि० भूपेन्द्र जेष्ठा (एसओजी) एवं कानि० संतोष बिष्ट (एसओजी) शामिल रहे। एसएसपी नैनीताल द्वारा टीम को 2000 रुपये के पुरस्कार की घोषणा भी की गई है।


जिले में नशे के खिलाफ अभियान के तहत रामनगर क्षेत्र में 9.84 किलोग्राम अवैध गांजा तथा लालकुआं क्षेत्र में 7.68 ग्राम स्मैक के साथ भी अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया।
एसएसपी ने स्पष्ट संदेश दिया है कि नशे का कारोबार करने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा और नैनीताल को पूर्ण रूप से नशामुक्त बनाना पुलिस की प्राथमिकता है।

देवभूमि खबर

Related articles