चारधाम यात्रा 2026: डीएम गौरव कुमार व एसपी सुरजीत पंवार ने कमेड़ा से बदरीनाथ तक 160 किमी हाईवे का किया स्थलीय निरीक्षण

चारधाम यात्रा 2026: डीएम गौरव कुमार व एसपी सुरजीत पंवार ने कमेड़ा से बदरीनाथ तक 160 किमी हाईवे का किया स्थलीय निरीक्षण
Spread the love

चमोली। चारधाम यात्रा 2026 की तैयारियों को लेकर मंगलवार को जिलाधिकारी गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने बस में सवार होकर कमेड़ा से Badrinath Temple तक बदरीनाथ हाईवे का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान यात्रा मार्ग पर पेयजल, शौचालय, पंजीकरण, स्वास्थ्य, पार्किंग, स्ट्रीट लाइट सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।

चमोली जनपद स्थित श्री बदरीनाथ धाम के कपाट इस वर्ष 23 अप्रैल 2026 से खुलने हैं। यात्रा को सुव्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा युद्धस्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। निरीक्षण के दौरान डीएम और एसपी ने लगभग 160 किलोमीटर लंबे हाईवे खंड का जायजा लिया।

जिलाधिकारी ने National Highways and Infrastructure Development Corporation Limited (एनएचआईडीसीएल) के अधिकारियों को खतरनाक एवं भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में फ्लड लाइट लगाने, चेतावनी संकेतक बोर्ड स्थापित करने और सुरक्षा प्रबंध दुरुस्त करने के निर्देश दिए। अधिग्रहित भूमि पर अतिक्रमण की स्थिति की समीक्षा करते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। हाईवे पर पड़े मलवे के शीघ्र निस्तारण और संवेदनशील क्षेत्रों के चिन्हीकरण कर त्वरित सुधार कार्य कराने के भी निर्देश दिए गए।

पेयजल व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए जल संस्थान और पेयजल निगम को हैंडपंपों एवं वाटर एटीएम की साफ-सफाई कर यात्रा से पूर्व संचालन सुनिश्चित करने को कहा गया। यात्रा पड़ावों और हाईवे पर बने शौचालयों का निरीक्षण कर नगर निकायों एवं Sulabh International को पानी एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं समय से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।


स्वास्थ्य विभाग को यात्रा मार्ग पर स्वास्थ्य जांच केंद्र स्थापित करने, अस्पतालों में दवाओं का पर्याप्त भंडारण करने तथा चिकित्सकों व मेडिकल स्टाफ की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश मुख्य चिकित्साधिकारी को दिए गए।

निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी कर्णप्रयाग सोहन सिंह रांगड़, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अभिषेक गुप्ता, परियोजना प्रबंधक एनएचआईडीसीएल अंकित राणा, जिला पर्यटन अधिकारी अरविंद गौड़, आपदा प्रबंधन अधिकारी एन.के. जोशी, जिला पूर्ति अधिकारी अंकित पांडेय सहित एनएचआई, बीआरओ और अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि चारधाम यात्रा 2026 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक बनाने में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

देवभूमि खबर

Related articles