चार साल बाद 50 लाख की मंजूरी, कनारीछीना अस्पताल निर्माण शुरू होते ही ग्रामीणों में खुशी की लहर

Spread the love

अल्मोड़ा। रीठागाड़ क्षेत्र के कनारीछीना प्राथमिक अस्पताल भवन निर्माण कार्य को चार साल बाद 50 लाख रुपये की मंजूरी मिलने के पश्चात पुनः शुरू कर दिया गया है। निर्माण कार्य दोबारा शुरू होने से रीठागाड़ क्षेत्र की छह–सात ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई है।

गौरतलब है कि वर्ष 2022 से कनारीछीना अस्पताल भवन का निर्माण कार्य बजट के अभाव तथा विभागीय जांच-पड़ताल के कारण लंबित पड़ा था। लंबे समय से क्षेत्रीय जनता अस्पताल भवन के अधूरे निर्माण के कारण असुविधा का सामना कर रही थी।

पूर्व विधायक रघुनाथ चौहान एवं जिला अधिकारी द्वारा लगातार विभागीय कार्यवाही को सकारात्मक दिशा देने के प्रयासों के चलते अंततः 50 लाख रुपये की स्वीकृति मिली और निर्माण कार्य पुनः प्रारंभ हो सका।

इस अवसर पर पूर्व दर्जा मंत्री बिट्टू कर्नाटक, पूर्व जिला अध्यक्ष रबि रौतेला, भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के पूर्व अध्यक्ष कुंदन लौटवाल, स्वास्थ्य मंत्री प्रतिनिधि जगदीश नगरकोटी, ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य, क्षेत्रीय जनता एवं मातृशक्ति ने सहभागिता की।

रीठागाड़ी दगड़ियो संघर्ष समिति के अध्यक्ष प्रताप सिंह नेगी ने पूर्व विधायक रघुनाथ चौहान एवं जिला अधिकारी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि चार वर्षों के लंबे इंतजार के बाद अथक प्रयासों से बजट स्वीकृत हुआ और अस्पताल भवन का कार्य दोबारा शुरू हो पाया है।

क्षेत्रीय लोगों ने उम्मीद जताई कि अस्पताल भवन का निर्माण शीघ्र पूर्ण होने से ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

Next Post

रीमागाड़ा भगवती मंदिर में छह दिवसीय महिला होली की धूम, क्षेत्र में उत्साह का माहौल

Spread the love अल्मोड़ा। रीठागाड़ क्षेत्र के रीमागाड़ा स्थित रीमागाड़ा भगवती मंदिर में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी छह दिवसीय महिला होली महोत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा है। पर्वतीय संस्कृति की झलक प्रस्तुत करता यह आयोजन पिछले कई दशकों से क्षेत्र की पहचान बना हुआ है। महिलाएं […]