जंगली जानवरों से फसल बचाने को केंद्र की बड़ी मदद, घेर-बाड़ योजना के लिए उत्तराखंड को मिले 25 करोड़ रुपये

Spread the love

चमोली।उत्तराखंड में जंगली जानवरों से किसानों की फसलों को हो रहे नुकसान से राहत दिलाने के लिए राज्य सरकार के प्रयास रंग लाने लगे हैं। मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami की पहल और केंद्रीय कृषि मंत्री Shivraj Singh Chouhan से हुई बातचीत के बाद घेर-बाड़ योजना के लिए केंद्र से आर्थिक सहायता फिर से शुरू हो गई है। इस क्रम में केंद्रीय कृषि मंत्रालय ने उत्तराखंड के लिए 25 करोड़ रुपये की सहायता मंजूर की है।

राज्य में जंगली जानवरों द्वारा किसानों की फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया जा रहा है। इस समस्या से निपटने के लिए राज्य सरकार ने घेर-बाड़ योजना लागू की है। पहले यह योजना Rashtriya Krishi Vikas Yojana के अंतर्गत केंद्रीय सहायता से संचालित हो रही थी, लेकिन कुछ समय बाद यह सहायता बंद हो गई थी। किसानों की परेशानी को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर जिला योजना के माध्यम से इस योजना को जारी रखा गया।

विधानसभा के बजट सत्र के पांचवें दिन कृषि मंत्री Ganesh Joshi ने सदन में जानकारी दी कि केंद्रीय कृषि मंत्रालय ने घेर-बाड़ योजना के लिए 25 करोड़ रुपये की स्वीकृति दे दी है। उन्होंने बताया कि हाल ही में गौचर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के समक्ष राज्य सरकार ने यह विषय प्रमुखता से उठाया था। इसके बाद मंत्रालय स्तर पर सहायता को मंजूरी दी गई है और इस संबंध में विभाग को पत्र भी प्राप्त हो चुका है।

सरकार ने सदन में जानकारी दी कि पिछले तीन वर्षों में जिला योजना के तहत राज्य में 2841 हेक्टेयर भूमि की घेर-बाड़ कराई गई है, जिससे 44 हजार 429 किसान लाभान्वित हुए हैं।

कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किसानों की समस्या के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए इस योजना को प्राथमिकता दी है और भविष्य में भी किसानों की फसल सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे।

देवभूमि खबर

Related articles