उत्तराखंड में बदलेगा मौसम: 48 घंटे में बारिश, तेज हवाएं और ओलावृष्टि का अलर्ट
देहरादून। प्रदेश में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 से 48 घंटों के भीतर राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है, जिनकी रफ्तार करीब 40 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
मौसम विभाग ने देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और नैनीताल जिलों के लिए विशेष अलर्ट जारी किया है। इन पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश के साथ ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है।
अचानक बदलते मौसम को देखते हुए किसानों और आमजन को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से बाहर न निकलें और सुरक्षित स्थानों पर रहें। साथ ही वाहन चालकों को भी विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
मौसम निदेशक सी.एस. तोमर ने बताया कि आगामी दिनों में प्रदेशभर में हल्की से मध्यम वर्षा का दौर बना रह सकता है। साप्ताहिक पूर्वानुमान के अनुसार 5 मई तक कुछ जनपदों में रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है। उन्होंने लोगों से मौसम विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

