100–150 सीसीटीवी खंगालकर पुलिस ने सुलझाई चोरी की वारदात, शातिर चोर गिरफ्तार, 13 लाख के जेवरात बरामद
रिपोर्ट। ललित जोशी।
नैनीताल ।जिले में चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना मुखानी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने घर का ताला तोड़कर सोने के जेवरात और नगदी चोरी करने वाले एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार कर करीब 13 लाख रुपये मूल्य के जेवरात व नगदी बरामद की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार आदर्श कॉलोनी गौड़धड़ा विठोरिया नंबर-1 निवासी हेमचंद्र लोहनी ने थाना मुखानी में तहरीर देकर बताया था कि वह 2 मार्च से 5 मार्च 2026 तक अपने पैतृक गांव थापला, ताकुला जिला अल्मोड़ा गए हुए थे। वापस लौटने पर देखा कि अज्ञात चोर उनके घर का ताला तोड़कर सोने के जेवरात और नगदी चोरी कर ले गया है।
इस संबंध में थाना मुखानी में मुकदमा अपराध संख्या 23/26 धारा 305(ए)/331(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना उपनिरीक्षक वीरेंद्र चंद्र को सौंपी गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कत्याल के मार्गदर्शन में क्षेत्राधिकारी रामनगर सुमित पांडेय के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष मुखानी सुशील जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे लगभग 100 से 150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का गहन विश्लेषण किया और मैनुअल इंटेलिजेंस के आधार पर संदिग्ध की पहचान की। इसके बाद 13 मार्च 2026 को हल्दीखाल जाने वाले मार्ग पर एक संदिग्ध युवक को घेराबंदी कर पकड़ा गया। पूछताछ में उसने अपना नाम गौरव कुमार (25 वर्ष) पुत्र संतोष कुमार निवासी चौपला चौराहा दमुवादुंगा, जवाहर ज्योति काठगोदाम बताया।
तलाशी लेने पर उसके कब्जे से चोरी किए गए पीली धातु के आभूषण, 2250 रुपये नगद और एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद हुआ। पुलिस ने अभियुक्त को गिरफ्तार कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की है।
पुलिस ने अभियुक्त के पास से मटरनुमा मंगलसूत्र, पाइपनुमा मंगलसूत्र, दो पौंची, नथ व बैग टीका, दो जोड़ी झुमके सहित अन्य आभूषण, 2250 रुपये नगद और एक मोबाइल फोन बरामद किया है।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी काठगोदाम थाने में चोरी से संबंधित मुकदमा दर्ज है। उसका अन्य आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है।
चोरी की घटना के सफल खुलासे पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल ने पुलिस टीम के उत्साहवर्धन के लिए 2000 रुपये के नगद पुरस्कार की घोषणा की है।
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष सुशील जोशी, उपनिरीक्षक वीरेंद्र चंद्र, कांस्टेबल रोहित कुमार, बलवंत सिंह, धीरज सुगड़ा, रविंद्र खाती, अरविंद सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

