दून पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 34 लाख की हेरोइन के साथ एक तस्कर गिरफ्तार

दून पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 34 लाख की हेरोइन के साथ एक तस्कर गिरफ्तार
Spread the love

देहरादून। अवैध नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दून पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। राजपुर पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने करीब 34 लाख रुपये मूल्य की 112 ग्राम अवैध हेरोइन के साथ एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कार को भी सीज कर दिया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशन में प्रदेश सरकार के “ड्रग्स फ्री उत्तराखंड” अभियान को प्रभावी बनाने के लिए जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री में लिप्त आरोपियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 15 मार्च 2026 को थाना राजपुर पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने क्षेत्र में होटल, रेस्टोरेंट, बार, वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों की सघन चेकिंग अभियान चलाया।

चेकिंग के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने धोरण पुल के पास से राहुल चौधरी उर्फ जोगी को गिरफ्तार किया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 112 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 34 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त वाहन मारुति स्विफ्ट (संख्या यूके-08-एके-9703) को भी कब्जे में लेकर सीज कर दिया।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह जनपद बिजनौर के थाना नगीना क्षेत्र का निवासी है और स्वयं भी नशे का आदी है। अपनी नशे की जरूरतों को पूरा करने के लिए वह सहारनपुर और बिजनौर के स्थानीय तस्करों से हेरोइन खरीदकर देहरादून में नशे के आदी लोगों को महंगे दामों पर बेचने की योजना बना रहा था। इससे पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान राहुल चौधरी उर्फ जोगी (35) पुत्र स्व. जोगिंदर सिंह निवासी ग्राम नियामतपुर, पोस्ट जीतपुर पलड़ी, थाना नगीना, जनपद बिजनौर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। उसके खिलाफ थाना राजपुर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21/29/60 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक अर्जुन गुसाई, उपनिरीक्षक दीपक द्विवेदी, कांस्टेबल मुकेश और एएनटीएफ के हेड कांस्टेबल विक्रम सिंह शामिल रहे।

देवभूमि खबर

Related articles