भगवानपुर तहसील दिवस में 20 शिकायतें दर्ज, 9 का मौके पर निस्तारण

भगवानपुर तहसील दिवस में 20 शिकायतें दर्ज, 9 का मौके पर निस्तारण
Spread the love

हरिद्वार।जनपदवासियों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से तहसील भगवानपुर में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में तहसील दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों ने अलग-अलग विभागों से संबंधित 20 शिकायतें दर्ज कराईं, जिनमें से 9 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को त्वरित कार्रवाई हेतु संबंधित विभागों को प्रेषित किया गया।

तहसील दिवस में प्राप्त शिकायतों में भूमि विवाद, अतिक्रमण, जलभराव, गैस आपूर्ति सहित अन्य समस्याएं प्रमुख रूप से सामने आईं। ग्राम दरियापुर दयालपुर के प्रधान ने तालाब के पानी की निकासी की समस्या उठाई, वहीं मानकपुर निवासी शादाब अहमद ने पारिवारिक कार्यक्रम के लिए गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने की मांग की। अन्य मामलों में भूमि पैमाइश, अवैध निर्माण, नाम सुधार और नदी कटाव से संबंधित शिकायतें भी शामिल रहीं।

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि तहसील दिवस में दर्ज शिकायतों का समयबद्ध और प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी। साथ ही भूमि विवाद से जुड़े मामलों में उप जिलाधिकारी, पटवारी और लेखपाल को मौके पर जाकर निरीक्षण एवं पैमाइश कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने यह भी कहा कि संबंधित विभागों को हस्तांतरित शिकायतों का एक सप्ताह के भीतर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

तहसील दिवस के दौरान उप जिलाधिकारी भगवानपुर देवेन्द्र सिंह नेगी, पुलिस उपाधीक्षक अभिनव चौधरी, मुख्य कृषि अधिकारी गोपाल सिंह भंडारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी अविनाश भदौरिया, तहसीलदार दयाराम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं क्षेत्रीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles