अपर पुलिस महानिदेशक ने कानून व्यवस्था पर की राज्य स्तरीय समीक्षा, सत्यापन अभियान तेज करने के दिए निर्देश
देहरादून।अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) डॉ. वी. मुरूगेशन ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में गढ़वाल एवं कुमाऊं रेंज के आईजी, सभी जनपद प्रभारियों, अपर पुलिस अधीक्षकों और क्षेत्राधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान भूमि संबंधी धोखाधड़ी, सत्यापन अभियान, गुमशुदगी मामलों की बरामदगी तथा लंबित विवेचनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान बताया गया कि 15 फरवरी 2026 से चलाए जा रहे सघन सत्यापन अभियान के तहत प्रदेश में अब तक 1,22,411 सत्यापन किए जा चुके हैं। एडीजी ने निर्देश दिए कि अभियान में तेजी लाते हुए संदिग्ध व्यक्तियों पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही बाहरी राज्यों से भागकर उत्तराखंड में छिपे अपराधियों की पहचान के लिए विभिन्न आपराधिक पोर्टलों का प्रभावी उपयोग करने पर जोर दिया गया।
भूमि संबंधी धोखाधड़ी के मामलों की समीक्षा करते हुए स्पष्ट किया गया कि ऐसे प्रकरणों में राजपत्रित अधिकारी की जांच के बाद ही नियमानुसार मुकदमा दर्ज किया जाए और साक्ष्यों के आधार पर विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही दीवानी प्रकृति के मामलों में अनावश्यक पुलिस हस्तक्षेप से बचने के निर्देश दिए गए। दोनों रेंज के आईजी को ऐसे मामलों में कड़ी निगरानी रखने के लिए कहा गया।
गुमशुदगी के मामलों, विशेषकर नाबालिग बच्चों से संबंधित मामलों पर गंभीरता दिखाते हुए एडीजी ने निर्देश दिए कि तत्काल एफआईआर दर्ज कर बरामदगी की कार्रवाई शुरू की जाए। उन्होंने कहा कि गुमशुदगी के मामलों में संवेदनशीलता बरतना पुलिस का सामाजिक दायित्व है और जनपद प्रभारी साप्ताहिक समीक्षा सुनिश्चित करें। रिकवरी रेट बढ़ाने के लिए चेकलिस्ट तैयार कर दैनिक प्रगति की निगरानी करने के भी निर्देश दिए गए।
बैठक में तीन वर्ष से अधिक समय से लंबित मामलों की विवेचकवार समीक्षा भी की गई। एडीजी ने लंबित विवेचनाओं पर नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। साथ ही विदेश में निवासरत आरोपियों के विरुद्ध एलओसी और रेड कॉर्नर नोटिस जारी करने की कार्रवाई करने को कहा गया।
बैठक में श्री कृष्ण कुमार वी0के0, पुलिस महानिरीक्षक, अपराध एवं कानून व्यवस्था,श्री मुख्तार मोहसिन, पुलिस महानिरीक्षक, जी0आर0पी0, श्री योगेन्द्र सिंह रावत, पुलिस महानिरीक्षक कार्मिक, श्री धीरेन्द्र सिंह गुंज्याल, पुलिस उप महानिरीक्षक अपराध एवं कानून व्यवस्था, श्री रामचन्द्र राजगुरू, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, अपराध एवं कानून व्यवस्था, श्रीमती विशाखा अशोक भदाणे, पुलिस अधीक्षक, एससीआरबी, श्री अंकुश मिश्रा, अपर पुलिस अधीक्षक, कानून व्यवस्था, तथा श्री योगेश चंद्र उपस्थित रहे।

