नवरात्र और रमजान से पहले हरिद्वार पुलिस का बड़ा ऑपरेशन, 50 लाख के 120 मोबाइल बरामद
हरिद्वार। नवरात्र प्रारंभ होने से एक दिन पूर्व और रमजान के पवित्र अवसर पर हरिद्वार पुलिस ने ऑपरेशन रिकवरी (CEIR) के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए 120 खोए हुए मोबाइल फोन बरामद कर मोबाइल स्वामियों के चेहरों पर मुस्कान लौटाई है। बरामद मोबाइल फोन की कुल कीमत लगभग 50 लाख रुपये आंकी गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार Navneet Singh के निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान के तहत सभी थाना प्रभारियों को CEIR पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में कोतवाली नगर हरिद्वार पुलिस टीम ने प्रभारी निरीक्षक रितेश शाह के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए विभिन्न माध्यमों से मोबाइल फोन रिकवर किए।
बरामद मोबाइल फोन उत्तराखंड के अलावा उत्तर प्रदेश, गुजरात, सिक्किम, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, पंजाब, मध्य प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा और जम्मू-कश्मीर सहित कई राज्यों से खोजे गए। इनमें से 37 मोबाइल स्वामी दूर-दराज राज्यों से होने के कारण हरिद्वार नहीं पहुंच सके, जिनके मोबाइल फोन पुलिस द्वारा कोरियर के माध्यम से भेजे जा रहे हैं।
मोबाइल फोन वापस मिलने पर कई राज्यों से आए स्वामियों ने हरिद्वार पुलिस की कार्यशैली की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।
हरिद्वार पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मोबाइल फोन खोने की स्थिति में तत्काल नजदीकी थाने में सूचना दें, जिससे समय रहते कार्रवाई कर मोबाइल बरामद किया जा सके।
बरामद मोबाइल का विवरण:
Vivo-21, Oppo-19, Samsung-11, Realme-24, Moto-09, Redmi-16, OnePlus-10, Tecno-02, Poco-03, Xiaomi-02, iQ-03
कुल बरामद मोबाइल: 120
अनुमानित कीमत: ₹50 लाख
पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक रितेश शाह, उपनिरीक्षक नंदकिशोर ग्वाड़ी, चरण सिंह चौहान, ब्रह्मदत्त बिजल्वाण, संजीत कंडारी, कांस्टेबल राकेश सिंह एवं निर्मल सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

