उत्तराखंड को मिले 30 नए विशेषज्ञ चिकित्सक, पर्वतीय क्षेत्रों में सुदृढ़ होंगी स्वास्थ्य सेवाएं

उत्तराखंड को मिले 30 नए विशेषज्ञ चिकित्सक, पर्वतीय क्षेत्रों में सुदृढ़ होंगी स्वास्थ्य सेवाएं
Spread the love

देहरादून। उत्तराखंड के स्वास्थ्य विभाग को 30 नए विशेषज्ञ चिकित्सकों की सौगात मिली है। इन चिकित्सकों की तैनाती को स्वास्थ्य मंत्री धन सिंह रावत ने मंजूरी दे दी है। इससे प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और सुदृढ़ीकरण को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, पोस्ट ग्रेजुएशन पाठ्यक्रम पूरा करने के बाद राज्य सेवा में लौटे इन विशेषज्ञ चिकित्सकों को उनकी विशेषज्ञता के अनुरूप विभिन्न जनपदों में एक यूनिट के रूप में तैनात किया गया है। इसका उद्देश्य विशेषज्ञों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना और मरीजों को स्थानीय स्तर पर गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराना है।

नवीन तैनाती के तहत बागेश्वर में ईएनटी, स्त्री एवं प्रसूति रोग तथा एनेस्थीसियोलॉजी विशेषज्ञ, पौड़ी में जनरल सर्जरी, रेस्पिरेटरी मेडिसिन, एनेस्थीसियोलॉजी, ऑर्थोपेडिक्स के साथ जनरल मेडिसिन और स्त्री रोग विशेषज्ञ, पिथौरागढ़ में स्त्री रोग, पैथोलॉजी, फॉरेंसिक मेडिसिन और माइक्रोबायोलॉजी विशेषज्ञ तैनात किए गए हैं।

इसी प्रकार रुद्रप्रयाग, हरिद्वार, उत्तरकाशी, चमोली और देहरादून सहित अन्य जनपदों में भी विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति की गई है। इन तैनातियों से दूरस्थ और पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं सुदृढ़ होंगी और स्थानीय स्तर पर ही बेहतर इलाज उपलब्ध हो सकेगा।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि प्रदेश में विशेषज्ञ चिकित्सकों की निरंतर तैनाती की जा रही है और इन 30 नए विशेषज्ञों के जुड़ने से चिकित्सा सेवाओं को और मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि इसका सीधा लाभ आम जनता के साथ-साथ चारधाम यात्रा पर आने वाले तीर्थयात्रियों को भी मिलेगा।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, इन चिकित्सकों की तैनाती विभिन्न जिला चिकित्सालयों, उप जिला चिकित्सालयों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में की गई है, जिससे ग्रामीण और दुर्गम क्षेत्रों में भी विशेषज्ञ सेवाएं सुनिश्चित की जा सकें।

देवभूमि खबर

Related articles