122 ग्राम स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार, कुमाऊँ में नशे के खिलाफ अभियान तेज
किच्छा (उधम सिंह नगर)। “ड्रग्स फ्री उत्तराखण्ड” अभियान के तहत कुमाऊँ पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता मिली है। एसओटीएफ कुमाऊँ रेंज और कोतवाली किच्छा पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 122.25 ग्राम स्मैक के साथ एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।
पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊँ परिक्षेत्र श्रीमती रिद्धिम अग्रवाल के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत 18 मार्च 2026 को यह कार्रवाई की गई। संयुक्त टीम द्वारा चौकी लालपुर क्षेत्र में गुरूद्वारे वाली गली के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इस दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली गई, जिसके पास से 122.25 ग्राम स्मैक बरामद हुई।
पूछताछ में अभियुक्त ने अपना नाम संतोक सिंह (42 वर्ष), निवासी गुरूद्वारे वाली गली, लालपुर, थाना किच्छा बताया। उसके खिलाफ थाना किच्छा में धारा 08/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार अभियुक्त का आपराधिक इतिहास भी रहा है। वह सितंबर 2025 में करीब 152.39 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार हो चुका है। जेल से रिहा होने के बाद उसने पुनः नशा तस्करी का अवैध कारोबार शुरू कर दिया था।
इस कार्रवाई में एसओटीएफ कुमाऊँ परिक्षेत्र और किच्छा पुलिस की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने बताया कि नशा तस्करी के खिलाफ “जीरो टॉलरेंस” नीति के तहत अभियान लगातार जारी रहेगा।
पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊँ परिक्षेत्र ने सख्त संदेश देते हुए कहा कि मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे तत्वों के विरुद्ध कठोरतम वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

