देहरादून में ब्लाइंड मर्डर का खुलासा, पति ने ही की थी पत्नी की हत्यास

देहरादून में ब्लाइंड मर्डर का खुलासा, पति ने ही की थी पत्नी की हत्यास
Spread the love

देहरादून। प्रेमनगर क्षेत्र में अज्ञात महिला का शव मिलने की सनसनीखेज घटना का दून पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि महिला की हत्या उसके पहले पति ने ही गला दबाकर की थी और शव को कट्टे में बंद कर मांडूवाला स्थित जंगल में फेंक दिया था।
घटना 11 मार्च 2026 की है, जब बालासुंदरी मंदिर परिसर, मॉडूवाला रोड के पास एक सफेद प्लास्टिक के कट्टे में अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ। शव 4-5 दिन पुराना होने और चेहरा खराब होने के कारण उसकी पहचान नहीं हो पाई। पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर पोस्टमार्टम कराया, जिसमें गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर 8 टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने करीब 2500 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, लेकिन घटनास्थल के आसपास कैमरे न होने के कारण कोई ठोस सुराग नहीं मिला।

इसके बाद पुलिस ने 30 से अधिक झुग्गी-बस्तियों में व्यापक सत्यापन अभियान चलाते हुए 5000 से अधिक लोगों का भौतिक सत्यापन किया। साथ ही पंपलेट वितरण और सोशल मीडिया के माध्यम से भी महिला की पहचान के प्रयास किए गए।

लगातार प्रयासों के बाद 19 मार्च 2026 को पुलिस को कॉसवाली कोठरी क्षेत्र में अहम सुराग मिला। जानकारी मिली कि एक मजदूर की पत्नी कुछ दिनों से लापता है। जांच में सामने आया कि रंजीत शर्मा नामक मजदूर की पहली पत्नी रूपा हाल ही में उसके पास आई थी, लेकिन अचानक गायब हो गई।

पुलिस ने संदिग्ध रंजीत शर्मा को भाटोवाला क्षेत्र से गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने पत्नी रूपा की हत्या करने की बात स्वीकार की। आरोपी ने बताया कि पत्नी द्वारा दूसरी पत्नी को छोड़ने का दबाव बनाए जाने से दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद उसने गला दबाकर हत्या कर दी।
हत्या के बाद आरोपी ने शव को चार दिन तक कमरे में छिपाकर रखा और बाद में कट्टे में डालकर मोटरसाइकिल से ले जाकर शीतला माता मंदिर के पास जंगल में फेंक दिया।
मृतका की पहचान रूपा (32 वर्ष), निवासी सहरसा, बिहार के रूप में हुई है, जो अपनी 11 माह की बच्ची के साथ एक माह पहले देहरादून आई थी।

पुलिस ने आरोपी रंजीत शर्मा (32 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है। मामले का खुलासा करने वाली टीम को आईजी गढ़वाल द्वारा 5000 रुपये तथा एसएसपी देहरादून द्वारा 2500 रुपये के नगद पुरस्कार की घोषणा की गई है।

देवभूमि खबर

Related articles