चुनावी वर्ष में ‘कांग्रेस गोत्र’ पर निर्भर भाजपा, घबराहट और अस्थिरता उजागर: गरिमा मेहरा दसौनी
देहरादून। उत्तराखंड कांग्रेस की नेत्री गरिमा मेहरा दसौनी ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि चुनावी वर्ष में भाजपा की “घबराहट और अस्थिरता” अब खुलकर सामने आ रही है।
दसौनी ने कहा कि हालिया राजनीतिक घटनाक्रम यह स्पष्ट करता है कि भाजपा अपनी सरकार चलाने के लिए “कांग्रेस गोत्र” के नेताओं पर निर्भर होती जा रही है। उन्होंने इसे विडंबनापूर्ण बताते हुए कहा कि भाजपा, जो लंबे समय तक कांग्रेस की आलोचना करती रही, आज उसी विचारधारा और पृष्ठभूमि से जुड़े नेताओं के सहारे सत्ता में बनी हुई है।
उन्होंने दावा किया कि हाल के निर्णय प्रदेश के विकास या जनहित के लिए नहीं, बल्कि चुनावी गणित साधने और आंतरिक असंतोष को नियंत्रित करने के उद्देश्य से लिए जा रहे हैं।
कांग्रेस नेत्री ने आगे कहा कि बार-बार नेतृत्व में बदलाव और चुनाव से ठीक पहले मंत्रिमंडल विस्तार जैसे कदम यह दर्शाते हैं कि सरकार अपने कामकाज से स्वयं संतुष्ट नहीं है।
दसौनी के अनुसार, प्रदेश की जनता अब इन परिस्थितियों को समझ चुकी है और आगामी चुनाव में “अवसरवादी राजनीति” को नकारते हुए एक मजबूत, जवाबदेह और जनहितकारी सरकार का चयन करेगी।

