बसंत विहार में वाहन चोरी का खुलासा,जेल से छूटते ही फिर सक्रिय हुआ आरोपी ,शातिर चोर गिरफ्तार, तीन स्कूटी बरामद

बसंत विहार में वाहन चोरी का खुलासा,जेल से छूटते ही फिर सक्रिय हुआ आरोपी ,शातिर चोर गिरफ्तार, तीन स्कूटी बरामद
Spread the love

देहरादून।थाना बसंत विहार क्षेत्र में लगातार हो रही वाहन चोरी की घटनाओं का दून पुलिस ने खुलासा करते हुए एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की तीन स्कूटी बरामद की गई हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस के अनुसार, विजय पार्क श्रीरामपुरम और श्रीदेव सुमन नगर क्षेत्र से स्कूटी चोरी की तीन अलग-अलग शिकायतें थाना बसंत विहार में दर्ज की गई थीं। इन मामलों में धारा 303(2) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किए गए थे।


वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने घटनास्थलों के आसपास लगे करीब 95 सीसीटीवी कैमरों की जांच कर संदिग्ध की पहचान की। 20 मार्च की रात पुलिस टीम ने हरबंसवाला चाय बागान क्षेत्र में एक संदिग्ध स्कूटी सवार को रोका। पूछताछ में उसने अपना नाम सुदन थापा (25 वर्ष), निवासी वसंत विहार, देहरादून बताया।


वाहन के कागजात न दिखा पाने पर सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने बसंत विहार क्षेत्र से तीन स्कूटी चोरी करने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने चाय बागान के पास खंडहर से तीनों चोरी की स्कूटी (UK07AN 4679, UK07Z 0295, UK07AA 2979) बरामद कीं।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नशे का आदी है और नशे की जरूरतों को पूरा करने के लिए चोरी की घटनाओं को अंजाम देता है। वह कुछ दिन पूर्व ही जेल से छूटकर बाहर आया था और बाहर आते ही दोबारा चोरी में सक्रिय हो गया।


पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ जनपद के विभिन्न थानों में वाहन चोरी समेत लगभग डेढ़ दर्जन आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह अकेले ही वारदातों को अंजाम देने वाला शातिर अपराधी है।

इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष बसंत विहार उपनिरीक्षक अशोक राठौड़ और इंदिरा नगर चौकी प्रभारी  मिथुन कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

देवभूमि खबर

Related articles