हल्द्वानी में मंदिर चोरी का 24 घंटे में खुलासा, आरोपी गिरफ्तार
हल्द्वानी।मुखानी थाना क्षेत्र में मंदिर से चोरी की घटना का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सफल खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मंदिर से चोरी किया गया समस्त सामान भी बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, वादी हेमचंद पंत निवासी पीडी कॉलोनी, ऊंचापुल हल्द्वानी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 19 और 20 मार्च की मध्य रात्रि में अमृता आश्रम के पास स्थित मंदिर का ताला तोड़कर अज्ञात चोर द्वारा मूर्तियां, तांबे-पीतल के बर्तन, घंटियां, आभूषण और अन्य सामान चोरी कर लिया गया। इस पर थाना मुखानी में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में गठित टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की, जिसमें एक संदिग्ध व्यक्ति की पहचान हुई। इसके बाद मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया।
21 मार्च को पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर निहारिका बैंकट हॉल लिंक रोड क्षेत्र में घेराबंदी कर आरोपी लाल सिंह (52 वर्ष), निवासी विठोरिया, थाना मुखानी को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से चोरी किया गया पूरा सामान बरामद हुआ, जिसमें विभिन्न देवी-देवताओं की मूर्तियां, तांबे-पीतल के बर्तन, घंटियां, आरती स्टैंड, आभूषण और अन्य सामग्री शामिल हैं।
मामले में पहले दर्ज धाराओं के अतिरिक्त धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है और उसके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट तथा चोरी से संबंधित कई मुकदमे दर्ज हैं।
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष सुशील जोशी के नेतृत्व में उपनिरीक्षक रजनी आर्या सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है।

