उत्तराखंड STF की बड़ी कार्रवाई: हथियार तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, 2 आरोपी गिरफ्तार

उत्तराखंड STF की बड़ी कार्रवाई: हथियार तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, 2 आरोपी गिरफ्तार
Spread the love

देहरादून/उधम सिंह नगर। उत्तराखंड एसटीएफ ने अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से भारी मात्रा में ऑटोमेटिक हथियार, कारतूस और तस्करी में प्रयुक्त एक कार बरामद की है। इस कार्रवाई के साथ उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में सक्रिय एक गैंग के नेटवर्क को ध्वस्त करने का दावा किया गया है।

एसटीएफ की एंटी नारकोटिक्स टीम कुमाऊं ने कोतवाली जसपुर पुलिस के साथ संयुक्त अभियान चलाते हुए जसपुर क्षेत्र से शमशेर सिंह (39) और सिमरनजीत (37) को गिरफ्तार किया। दोनों अभियुक्त उधम सिंह नगर जनपद के निवासी हैं। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त सिमरनजीत थाना पुलभट्टा का हिस्ट्रीशीटर है, जिसके खिलाफ उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में एक दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 02 पंप एक्शन गन, 02 पिस्टल (.32 बोर) और 10 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे ये हथियार उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर से लाए थे और जसपुर क्षेत्र में बेचने की फिराक में थे। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि इन हथियारों को फर्जी लाइसेंस के जरिए वैध दिखाकर आगे सप्लाई करने की योजना थी।

एसटीएफ अधिकारियों के मुताबिक, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अवैध हथियारों, संदिग्ध गतिविधियों और सक्रिय गैंग्स के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पिछले दो सप्ताह में यह तीसरी बड़ी कार्रवाई है। महज 10 दिनों के भीतर एसटीएफ ने पांच कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार कर कुल 06 अवैध तमंचे, 02 पंप एक्शन गन, 02 पिस्टल और 31 कारतूस बरामद किए हैं।

अभियुक्तों के खिलाफ कोतवाली जसपुर में आर्म्स एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और नेटवर्क की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।

देवभूमि खबर

Related articles