चारधाम यात्रा से पहले पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल, 51 दलनायक स्थानांतरित

चारधाम यात्रा से पहले पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल, 51 दलनायक स्थानांतरित
Spread the love

देहरादून।आगामी चारधाम यात्रा के सुगम और सुरक्षित संचालन के साथ ही प्रदेश में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस मुख्यालय ने व्यापक स्तर पर तबादले किए हैं। इस क्रम में कुल 51 दलनायकों का विभिन्न इकाइयों और जनपदों में स्थानांतरण किया गया है।
पदोन्नति के बाद दलनायकों को मिली नई जिम्मेदारी
हाल ही में प्लाटून कमांडर से पदोन्नत हुए 21 दलनायकों सहित कुल 51 दलनायकों को यातायात, एसडीआरएफ, आईआरबी और पीएसी वाहिनियों के साथ विभिन्न जनपदों में तैनात किया गया है।

पुलिस मुख्यालय द्वारा 12 यातायात निरीक्षकों को देहरादून, हरिद्वार, चमोली, उत्तरकाशी, ऊधमसिंहनगर, नैनीताल, चम्पावत, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा और बागेश्वर जनपदों में तैनात किया गया है। यह व्यवस्था चारधाम यात्रा के दौरान बढ़ने वाले यातायात दबाव को नियंत्रित करने के उद्देश्य से की गई है।

इसके अतिरिक्त, रिक्त पदों और निर्धारित कार्यकाल पूर्ण होने के आधार पर 5 दलनायकों को देहरादून, रुद्रप्रयाग, चमोली, ऊधमसिंहनगर और बागेश्वर में प्रतिसार निरीक्षक के पद पर नियुक्त किया गया है। वहीं 34 दलनायकों को एसडीआरएफ, आईआरबी और पीएसी वाहिनियों में स्थानांतरित किया गया है।

पुलिस मुख्यालय का उद्देश्य चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना है। इसके लिए समय रहते संसाधनों और कार्मिकों का पुनर्गठन किया जा रहा है, ताकि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से बचा जा सके।

देवभूमि खबर

Related articles