एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई, 25 लाख की चरस के साथ एक तस्कर गिरफ्तार

चम्पावत। उत्तराखण्ड एसटीएफ की एंटी नारकोटिक्स कुमाऊं यूनिट ने लोहाघाट पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए 4 किलो 100 ग्राम अवैध चरस के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। बरामद चरस की अनुमानित बाजार कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई गई है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने चरस लोहाघाट क्षेत्र से एकत्र कर उत्तर प्रदेश के बरेली में ऊंचे दामों पर बेचने के लिए ले जाने की बात स्वीकार की है।
एसटीएफ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर प्रदेश में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एसटीएफ की एंटी नारकोटिक्स कुमाऊं यूनिट ने लोहाघाट पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई कर थाना लोहाघाट क्षेत्र, जनपद चम्पावत से आरोपी को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुरेश सिंह तिसल्ला पुत्र दान सिंह तिसल्ला, निवासी खतेड़ा मल्ला, थाना पंचेश्वर, जनपद चम्पावत के रूप में हुई है। उसके कब्जे से 4 किलो 100 ग्राम अवैध चरस बरामद की गई।
एसटीएफ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। चरस की आपूर्ति के स्रोत, खरीद-फरोख्त में शामिल अन्य लोगों तथा आरोपी के आगे और पीछे के संपर्कों की जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि इस अवैध कारोबार से जुड़े पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा सके। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई में एसटीएफ एंटी नारकोटिक्स कुमाऊं यूनिट से उपनिरीक्षक विनोद चंद्र जोशी, उपनिरीक्षक जगदीप नेगी, हेड कांस्टेबल वीरेंद्र चौहान और आरक्षी इसरार शामिल रहे। वहीं लोहाघाट पुलिस टीम में थानाध्यक्ष ओमप्रकाश, उपनिरीक्षक कुंदन बोरा, आरक्षी पवन भट्ट, आरक्षी कुलदीप और संजय साहनी शामिल रहे।
एसटीएफ ने आमजन से अपील की है कि नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री या तस्करी से जुड़ी किसी भी जानकारी को पुलिस के साथ साझा करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। युवाओं को नशे से बचाने और नशामुक्त उत्तराखण्ड के संकल्प को साकार करने में पुलिस का सहयोग करें।


