डोईवाला नकबजनी का खुलासा: फरार महिला अभियुक्ता गिरफ्तार, 9 लाख की ज्वेलरी बरामद

डोईवाला नकबजनी का खुलासा: फरार महिला अभियुक्ता गिरफ्तार, 9 लाख की ज्वेलरी बरामद
Spread the love

देहरादून।डोईवाला क्षेत्र में हुई नकबजनी की घटना का दून पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए फरार चल रही शातिर महिला अभियुक्ता को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में चोरी किए गए लगभग 9 लाख रुपये मूल्य के आभूषण बरामद किए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून की रणनीति के तहत की गई इस कार्रवाई में पूर्व में एक अन्य आरोपी को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोतवाली डोईवाला में अशोक कुमार रावत निवासी दिव्या विहार, मियांवाला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वह परिवार सहित नोएडा गए हुए थे, इसी दौरान अज्ञात चोरों ने उनके घर का ताला तोड़कर लाखों रुपये की ज्वेलरी चोरी कर ली। इस मामले में पुलिस ने मु0अ0सं0 52/2026 धारा 305ए बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।

घटना के अनावरण के लिए गठित पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 18 मार्च 2026 को मौ० सुहैल नामक अभियुक्त को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। पूछताछ में आरोपी ने चोरी के शेष माल के पटेलनगर निवासी एक महिला के पास होने की जानकारी दी थी, जिसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश तेज कर दी। जांच में महिला की पहचान गुलअफशा (28 वर्ष) के रूप में हुई, जो गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रही थी।

पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए लगातार दबिश दी और आखिरकार 29 मार्च 2026 को हर्रावाला क्षेत्र से अभियुक्ता को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से लगभग 9 लाख रुपये की ज्वेलरी, पीली धातु की गणेश प्रतिमा तथा वादी के आधार, पैन कार्ड और बैंक पासबुक सहित अन्य दस्तावेज बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार मामले में आगे की कार्रवाई जारी है और बरामदगी के आधार पर अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

देवभूमि खबर

Related articles