चारधाम यात्रा 2026 की तैयारियों पर आईजी गढ़वाल सख्त, सभी जिलों को समयबद्ध व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश

चारधाम यात्रा 2026 की तैयारियों पर आईजी गढ़वाल सख्त, सभी जिलों को समयबद्ध व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश
Spread the love

देहरादून। आगामी चारधाम यात्रा 2026 को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुगम बनाने के उद्देश्य से आईजी गढ़वाल रेंज राजीव स्वरूप ने गढ़वाल परिक्षेत्र के सभी जनपद प्रभारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक की। बैठक में यात्रा व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।

आईजी गढ़वाल ने निर्देश दिए कि चारधामों के कपाट खुलने से पूर्व यात्रा से संबंधित सभी तैयारियां हर हाल में पूर्ण कर ली जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने सभी जनपदों को अपने-अपने क्षेत्र में यात्रियों की सुविधा के लिए होल्डिंग एरिया समय से चिह्नित कर संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए।

बैठक में चारधाम क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, उनके रहने और मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही यात्रा अवधि के दौरान सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रूप से भ्रमणशील रहने और व्यवस्थाओं की निगरानी करने के निर्देश दिए गए।

आईजी ने यात्रा शुरू होने से पहले व्यापार संघों, टैक्सी यूनियनों और होटल व्यवसायियों के साथ समन्वय बैठकें आयोजित करने को भी अनिवार्य बताया, ताकि यात्रा के दौरान बेहतर तालमेल बना रहे। इसके अतिरिक्त सोशल मीडिया पर सतर्क निगरानी रखने और किसी भी अफवाह या भ्रामक सूचना पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए जनपद स्तर पर सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल को सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए।

बैठक में एसएसपी हरिद्वार नवनीत भुल्लर, एसएसपी पौड़ी गढ़वाल सर्वेश पंवार, एसएसपी टिहरी आयुष अग्रवाल, एसपी चमोली सुरजीत पंवार, एसपी रुद्रप्रयाग निहारिका तोमर, एसपी उत्तरकाशी कमलेश उपाध्याय तथा एसपी ग्रामीण देहरादून जया बलूनी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles