चम्पावत को ‘आदर्श जनपद’ बनाने की दिशा में सीएम धामी की बड़ी घोषणाएं

देहरादून/चम्पावत। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपद चम्पावत के समग्र विकास को नई दिशा देते हुए बुनियादी ढांचे, स्वास्थ्य, कृषि, पेयजल, सिंचाई, पर्यटन और खेल क्षेत्र से जुड़ी अनेक महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार चम्पावत को “आदर्श जनपद” के रूप में विकसित करने के संकल्प के साथ कार्य कर रही है, जिससे विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
मुख्यमंत्री ने चम्पावत में प्रशिक्षण हेतु टाइप-3/4 आवासीय परिसर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) कार्यालय भवन निर्माण, जिला अर्ली इंटरवेंशन सेंटर तथा जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र की स्थापना की घोषणा की। इसके साथ ही एक हजार परिवारों को मौन पालन के प्रशिक्षण के लिए ₹2 करोड़ की स्वीकृति दी गई है। उन्होंने मोनपोखरी से नीड तक 2 किलोमीटर सड़क के डामरीकरण, अमोड़ी-छतकोट बाईपास में 5 किलोमीटर मोटर मार्ग एवं पुल निर्माण, 50 हैंडपंपों की स्थापना, पाल्सो क्षेत्र पंचायत में आंतरिक टाइल्स मार्गों के निर्माण तथा शक्तिपुरबूंगा क्षेत्र के प्रत्येक गांव में 10-10 सोलर लाइट लगाने की भी घोषणा की।
धामी ने ब्यानधूरा बाबा मंदिर सहित मेला स्थलों के सौंदर्यीकरण, नागनाथ मंदिर के पास रामलीला मंच निर्माण, चम्पावत में भवन एवं व्यापारिक परिसर निर्माण, ढकना-बडोला से सेरोला तक लिंक मार्ग, बनलेख से हिंगला देवी मंदिर तक सड़क निर्माण और पूर्वांचल एग्रो संस्कृत विद्यालय के पुनरोद्धार की घोषणा भी की। इसके अलावा जल संस्थान के लिए जल भवन निर्माण, मनेश्वर-चैड़ा राजपुर मार्ग में इंटरलॉकिंग टाइल्स कार्य तथा 20 स्थानों पर सोलर लिफ्ट पेयजल एवं सिंचाई योजनाएं स्थापित की जाएंगी।
कृषि क्षेत्र को सुदृढ़ करने के लिए जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा और किसानों की आय बढ़ाने हेतु ₹5 करोड़ की सामूहिक घेराबाड़ योजना लागू की जाएगी। मुख्यमंत्री ने अमोड़ी-सिप्टी मार्ग पर दो बेली ब्रिज निर्माण, खर्ककार्की क्षेत्र में खेल मैदान विकास, विकास भवन चम्पावत का कुमाऊंनी शैली में पुनरोद्धार और ग्राम सभा नघान से डोडेश्वर मंदिर तक सड़क निर्माण की भी घोषणा की।
सरकार का मानना है कि इन योजनाओं के क्रियान्वयन से चम्पावत में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा और क्षेत्र के समग्र विकास को गति मिलेगी।

