अल्मोड़ा में 25.240 किलो गांजे के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार, पुलिस टीम पर पातल से किया हमला

अल्मोड़ा। नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत भतरौजखान पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने 25.240 किलोग्राम गांजे के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 6 लाख 31 हजार रुपये बताई गई है। कार्रवाई के दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर धारदार हथियारों से हमला भी किया, जिसमें कुछ पुलिसकर्मियों को चोटें आईं। पुलिस ने मौके से दो धारदार पातल बरामद करने के साथ तस्करी में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलों को सीज कर दिया। एक आरोपी अंधेरे और घनी झाड़ियों का फायदा उठाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, नौ अक्टूबर को क्षेत्राधिकारी रानीखेत भावना कैंथोला के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष भतरौजखान अवनीश कुमार और एसओजी प्रभारी सुनील धानिक के नेतृत्व में संयुक्त टीम जैनल पुल के पूर्वी किनारे से जैनल-देघाट मार्ग पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार व्यक्तियों को रोकने का प्रयास किया गया। आरोपियों ने भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया।
पुलिस टीम ने साहस और संयम का परिचय देते हुए घेराबंदी की और आवश्यक बल प्रयोग कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान दो पिट्ठू बैगों से क्रमशः 12.112 किलोग्राम और 6.584 किलोग्राम तथा एक थैले से 6.544 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। कुल बरामदगी 25.240 किलोग्राम रही। मौके से दो धारदार पातल भी बरामद किए गए।
**गिरफ्तार आरोपी**
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुख्तयार सिंह (52 वर्ष), पुत्र प्रताप सिंह, निवासी थारी, थाना रामनगर, जनपद नैनीताल; गुरमीत सिंह (36 वर्ष), पुत्र जरनैल सिंह, निवासी गौवरा, थाना बाजपुर, जनपद ऊधम सिंह नगर; और जसवंत सिंह (50 वर्ष), पुत्र मक्खन सिंह, निवासी इटव्वा, थाना बाजपुर, जनपद ऊधम सिंह नगर के रूप में हुई है।
मौके से फरार आरोपी की पहचान जगदीश सिंह (40 वर्ष), पुत्र कश्मीर सिंह, निवासी गौवरा, थाना बाजपुर, जनपद ऊधम सिंह नगर के रूप में हुई है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई है और संभावित ठिकानों पर तलाश की जा रही है।
**मुकदमा दर्ज, आपराधिक इतिहास की जांच**
इस मामले में थाना भतरौजखान में मुकदमा संख्या 23/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 3(5), 109(1), 121(1) और 132, शस्त्र अधिनियम की धारा 4/25 तथा एनडीपीएस अधिनियम की धाराओं 8/20/60 के अंतर्गत अभियोग दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच के साथ बरामद गांजे के आगे और पीछे के संपर्कों का भी पता लगा रही है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में जसवंत सिंह के खिलाफ आबकारी अधिनियम, भारतीय न्याय संहिता और पूर्व में भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं में कई मुकदमे दर्ज रहे हैं। वहीं, गुरमीत सिंह के खिलाफ भी आबकारी अधिनियम, शस्त्र अधिनियम और भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं में पूर्व मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष अवनीश कुमार, उपनिरीक्षक संजय जोशी, मुख्य आरक्षी शमीम अहमद, राजाराम और आनंद त्रिपाठी तथा एसओजी अल्मोड़ा के आरक्षी नीरज पाल सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके ने जिले में नशा तस्करी के खिलाफ कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। पुलिस का कहना है कि ‘ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन’ के तहत अभियान जारी रहेगा और नशा तस्करी में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


