ऋषिकेश में शराब की होम डिलीवरी करते आरोपी गिरफ्तार, बड़ी मात्रा में अवैध शराब बरामद
देहरादून। ऋषिकेश क्षेत्र में अवैध रूप से शराब की होम डिलीवरी करने की शिकायत पर आबकारी विभाग ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से देसी और अंग्रेजी शराब की खेप बरामद की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायत मिलने पर आबकारी टीम ने आरोपी के मोबाइल नंबर की जानकारी जुटाकर ग्राहक बनकर संपर्क किया। जैसे ही आरोपी शराब की डिलीवरी करने के लिए बैराज कॉलोनी, एम्स रोड पहुंचा, टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम जुगल किशोर पुत्र फूल सिंह, निवासी जाटव बस्ती बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 22 पाउच माल्टा देसी शराब और 15 पव्वे अंग्रेजी शराब बरामद हुए। जिस दोपहिया वाहन से आरोपी डिलीवरी कर रहा था, उसे भी जब्त कर लिया गया।
आबकारी विभाग ने आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 60/72 के तहत अभियोग पंजीकृत कर लिया है। इस कार्रवाई में आबकारी टीम ऋषिकेश और जनपदीय प्रवर्तन दल देहरादून की संयुक्त टीम शामिल रही।

