डालनवाला नकबजनी का 24 घंटे में खुलासा: चोरी की लाइसेंसी रिवॉल्वर समेत शातिर चोर गिरफ्तार

डालनवाला नकबजनी का 24 घंटे में खुलासा: चोरी की लाइसेंसी रिवॉल्वर समेत शातिर चोर गिरफ्तार
Spread the love

देहरादून। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशन में डालनवाला पुलिस ने नकबजनी की एक सनसनीखेज घटना का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए शातिर आरोपी हसनैन उर्फ राजा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की गई लाइसेंसी रिवॉल्वर और 10 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, 24 जुलाई 2026 को इंदर रोड निवासी शैलेन्द्र सिंह त्यागी ने कोतवाली डालनवाला में तहरीर देकर बताया कि उनके घर की अलमारी का सेफ तोड़कर अज्ञात चोर लाइसेंसी रिवॉल्वर, कारतूस और नगदी चोरी कर ले गए। शिकायत के आधार पर तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून ने पुलिस टीम गठित कर शीघ्र खुलासे के निर्देश दिए। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया तथा पूर्व में चोरी की घटनाओं में शामिल अपराधियों का सत्यापन किया।

जांच के दौरान पुलिस टीम ने बलबीर रोड स्थित पानी की टंकी के पास चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध युवक को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर वह भागने लगा, लेकिन पीछा कर उसे दबोच लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम हसनैन उर्फ राजा बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से चोरी की गई लाइसेंसी रिवॉल्वर और 10 जिंदा कारतूस बरामद हुए।

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह नशे का आदी है और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए उसने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरी की नगदी वह नशे में खर्च कर चुका है, जबकि रिवॉल्वर और कारतूस लोगों को डराने-धमकाने के उद्देश्य से अपने पास रखे हुए था। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी के समय भी वह किसी नई चोरी की वारदात को अंजाम देने की फिराक में था।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी के विरुद्ध चोरी, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में 10 आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं और वह कई बार जेल भी जा चुका है।

इस कार्रवाई को प्रभारी निरीक्षक नरेन्द्र सिंह गहलावत के नेतृत्व में उपनिरीक्षक अश्वनी बलूनी, कांस्टेबल विजय सिंह और आदित्य राठी की टीम ने अंजाम दिया। पुलिस आरोपी से अन्य आपराधिक घटनाओं के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।

देवभूमि खबर

Related articles