पौड़ी में राज्य आंदोलनकारियों के चिन्हीकरण में देरी पर नाराजगी, डीएम से मिला प्रतिनिधिमंडलन्यूज:
देहरादून/पौड़ी। उत्तराखण्ड राज्य आंदोलनकारी मंच के प्रतिनिधिमंडल ने पौड़ी जनपद में राज्य आंदोलनकारियों के चिन्हीकरण के लंबित मामलों को लेकर जिलाधिकारी स्वाति भदौरिया से मुलाकात की।
प्रदेश प्रवक्ता प्रदीप कुकरेती ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि मंच लंबे समय से राज्य आंदोलनकारियों के मुद्दों को लेकर शासन और सरकार के समक्ष संघर्ष करता आ रहा है, लेकिन जिस जनपद पौड़ी से राज्य आंदोलन की मजबूत आवाज उठी, वहीं आज भी आंदोलनकारियों का चिन्हीकरण लंबित है। उन्होंने कहा कि 23 वर्षों बाद भी कई आंदोलनकारी चिन्हित नहीं हो सके हैं।
यमकेश्वर क्षेत्र के वरिष्ठ आंदोलनकारी अर्जुन सिंह और रतन अमोलीं के साथ सुदेश भट्ट ने जिलाधिकारी को पुराने दस्तावेज प्रस्तुत करते हुए बताया कि उनके क्षेत्र के कई आंदोलनकारी लगातार चिन्हीकरण से वंचित रहे हैं। उन्होंने 92 वर्षीय वरिष्ठ आंदोलनकारी डबल सिंह का उल्लेख करते हुए शीघ्र न्याय की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से मांग की कि सभी मामलों की खुली जांच कर दस्तावेजों के आधार पर पात्र आंदोलनकारियों का शीघ्र चिन्हीकरण किया जाए।
इस पर जिलाधिकारी स्वाति भदौरिया ने आश्वासन दिया कि जिला प्रशासन इस विषय को गंभीरता से ले रहा है। उन्होंने बताया कि चिन्हीकरण के लिए समिति का गठन किया जा चुका है और आगामी सप्ताह में मानकों व अन्य बिंदुओं पर बैठक आयोजित की जाएगी।
प्रतिनिधिमंडल में अर्जुन सिंह नेगी, प्रदीप कुकरेती, डबल सिंह, सुदेश भट्ट, हरेन्द्र रावत, हरेन्द्र रोथाण, रतन लाल अमोलीं, चन्द्रमोहन नेगी और अरुण जुगरान सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

