सब्सिडी जारी करने के एवज में रिश्वत मांगने पर कृषि मंत्रालय का विपणन अधिकारी निलंबित

सब्सिडी जारी करने के एवज में रिश्वत मांगने पर कृषि मंत्रालय का विपणन अधिकारी निलंबित
Spread the love

सीहोर में दो वेयरहाउस संचालकों से 1.60 लाख रुपये रिश्वत मांगने की शिकायत के बाद शिवराज सिंह चौहान ने दिए तत्काल कार्रवाई के निर्देश

भोपाल। वेयरहाउस से सब्सिडी की राशि जारी करने के एवज में रिश्वत मांगने की शिकायत पर केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। शिकायत के बाद कृषि मंत्रालय के विपणन अधिकारी अनुराग को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

शिकायत के अनुसार, सीहोर जिले में निरीक्षण के दौरान विपणन अधिकारी अनुराग ने दो वेयरहाउस से सब्सिडी की राशि जारी करने के एवज में रिश्वत की मांग की थी। भैरुंदा तहसील स्थित शिवाय वेयरहाउस से एक लाख रुपये तथा रेहटी क्षेत्र के ग्राम बेहराखेड़ी स्थित श्री कृष्णा वेयरहाउस से 60 हजार रुपये की रिश्वत मांगने की शिकायत सामने आई थी।

मामले की शिकायत केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान तक पहुंचने के बाद उन्होंने इसे गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद कृषि मंत्रालय की ओर से विपणन अधिकारी अनुराग को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।

मंत्रालय की इस कार्रवाई के बाद यह स्पष्ट किया गया है कि किसानों और वेयरहाउस संचालकों से संबंधित सरकारी प्रक्रियाओं में किसी भी तरह की अनियमितता अथवा रिश्वतखोरी की शिकायत को गंभीरता से लिया जाएगा।

देवभूमि खबर

Related articles